स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी चर्चा में हैं। श्रीलंका ए के खिलाफ मैच के दौरान खिलाड़ियों से तीखी बहस होने पर फैंस ने वैभव का गुस्से वाला रूप देखा। हालांकि, इसके सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें उनका वही पुराना संस्कारी रूप दिखा। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर और पहले कप्तान के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच हुए मैच में मेजबान ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की। इंडिया को सुपर ओवर में हार मिली और उस हार के बाद श्रीलंका के खिलाड़ी ने वैभव पर टिप्पणी की। वैभव ने भी विरोधी खिलाड़ियों को उसी के अंदाज में जवाब दिया। हालांकि, वैभव की प्रतिक्रिया ज्यादा तीखी थी। उन्होंने खेल भावना को ठेस पहुंचाई, लेकिन लकीर को लांघने का काम पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी ने की थी।
अनुरा टेनेकुन का लिया आशीर्वाद
वैभव और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी बहस के वायरल वीडियो ने सभी क्रिकेट फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, उसके बाद उनका एक और वीडियो वायरल हुआ जिसने सबका दिल जीत लिया। मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर और टीम के पहले वनडे कप्तान अनुरा टेनेकुन से मुलाकात की। इस दौरान वैभव ने उनके पैर छू कर उनका आशीर्वाद लिया।
श्रीलंकाई दिग्गज से मिली खास सलाह
साल 1975 में वनडे वर्ल्ड कप में श्रीलंका टीम की कप्तानी कर चुके अनुरा टेनेकुन दांबुला में मौजूद थे और उन्होंने इस युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी से मुलाकात की। वैभव ने सबसे पहले टेनेकुन का आशीर्वाद लिया और टेनेकुन ने वैभव को अपने अनुभव के आधार पर काफी अहम सलाह दी। टेनेकुन ने वैभव से कहा कि बाहरी बातों पर ध्यान देने या फिर लोगों की आलोचनाओं पर ध्यान देने की जगह अपने खेल पर पूरी तरह से फोकस करना चाहिए।
