क्रिकेट

World Record: अमेरिका ने तोड़ा टीम इंडिया का 40 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे में किया सबसे छोटे स्कोर का बचाव

अमेरिका ने वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे छोटे स्कोर का बचाव करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड ओमान के खिलाफ मंगलवार को अपने नाम कर लिया।

Image

अमेरिकी क्रिकेट टीम

अल अमेरात (मस्कट): अमेरिका ने क्रिकेट विश्व लीग दो मैच में मंगलवार को ओमान को 57 रन से हराकर पूरे 50 ओवर में एकदिवसीय मैच में 122 रन के सबसे कम स्कोर का बचाव करने का रिकॉर्ड बनाया। पुरुष एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में यह सबसे कम स्कोर है जिसका बचाव किया गया है। इसमें हालांकि कम ओवरों के मुकाबले या संशोधित लक्ष्य वाले मुकाबले शामिल नहीं हैं।

ओमान ने 65 रन पर कर दिया ढेर

अमेरिका ने स्पिन की अनुकूल परिस्थितियों में बाएं हाथ के स्पिनर नोशतुष केनजिगे (11 रन पर पांच विकेट) की फिरकी के जादू से मेजबान ओमान को सिर्फ 65 रन पर ढेर कर दिया। केनजिगे के अलावा आफ स्पिनर मिलिंद कुमार (17 रन पर दो विकेट) और यासिर मोहम्मद (10 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट चटकाए। यह ओमान का पुरुष एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूनतम स्कोर है।

पूरे मैच के दौरान तेज गेंदबाजों ने एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की। ओमान की टीम पांच स्पिनरों के साथ उतरी जबकि अमेरिका के स्पिनरों केनजिगे,मिलिंद,यासिर और हरमीत को उतारा। इससे पहले अमेरिका ने मिलिंद की 47 रन की पारी की बदौल 35.3 ओवर में 122 रन बनाए।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 1985 में बनाया था रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे छोटे स्कोर को डिफेंड करने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम दर्ज था। साल 1985 में भारतीय टीम ने 125 रन के स्कोर का बचाव पाकिस्तान के खिलाफ किया था। यह पूरा 50 ओवर का मैच था जिसमें भारतीय टीम ने 38 रन के अंतर से जीत हासिल की थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article