क्रिकेट

T20 World Cup: तिलक वर्मा पूरी तरह फिट, संजू सैमसन की बढ़ी मुश्किलें

टी20 वर्ल्ड कप के आगाज से पहले भारतीय टीम और फैंस को खुशखबरी मिली है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा को पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया दिया है। यूएसए के खिलाफ इंडिया ए के वार्म-अप मैच में तिलक ने 24 गेंद का सामना करते हुए 38 रन की पारी खेली। तिलक की वापसी से संजू सैमसन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सैमसन की प्लेइंग इलेवन में जगह लगभग समाप्त हो गई है।

Image

तिलक वर्मा ने पास किया फिटनेस टेस्ट।

नवी मुंबई, भाषा। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारत को बुरी खबर मिली थी, जब तिलक वर्मा के चोटिल होने की खबर आई। अब टी20 वर्ल्ड कप के आगाज से पहले भारतीय टीम और फैंस को खुशखबरी मिली है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा को पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया दिया है। उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। उनका टी20 वर्ल्ड कप में खेलना तय हो गया है।

तिलक वर्मा पेट के निचले हिस्से की सर्जरी के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करते हुए सभी मानकों पर खरे उतरे। जिससे भारतीय टीम प्रबंधन ने राहत की सांस ली होगी। उनकी और अन्य आईपीएल सितारों की मौजूदगी वाली भारत 'ए' टीम ने सोमवार को यहां बड़े स्कोर वाले अभ्यास मैच में अमेरिका को 38 रन से हरा दिया।

नारायण जगदीशन ने जड़ा शतक

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए के बल्लेबाजों ने सीनियर टीम द्वारा तय किए गए ’हर कीमत पर आक्रामक होकर खेलने’ के रवैये को अपनाया। तमिलनाडु के विकेटकीपर नारायण जगदीशन की 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 55 गेंद में 104 रन की पारी से टीम ने तीन विकेट पर 238 रन बनाए।

तिलक की फिटनेस पर थी सभी की नजरें

हालांकि, राष्ट्रीय चयन समिति, मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए प्राथमिकता मैच नहीं बल्कि तिलक फिटनेस थी। जिन्होंने बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन सप्ताह का रिहैब लिया और वापसी की। हैदराबाद के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 24 गेंद में 38 रन बनाए।

बैटिंग-फील्डिंग में नहीं हुई कोई परेशानी

तिलक 24 गेंद तक क्रीज पर रहे और उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात यह थी कि शॉट खेलते समय उन्हें कोई स्पष्ट परेशानी नहीं हुई। फील्डिंग के दौरान उन्होंने पीछे की ओर दौड़ते हुए एक शानदार कैच लेकर साईतेजा मुक्कमल्ला को पवेलियन भेजा। बाद में तिलक ने गेंदबाजी भी की और एक विकेट लिया।

संजू की राह हुई मुश्किल

तिलक ने अपना फिटनेस टेस्ट शानदार तरीके से पास कर लिया है और उन्हें बल्लेबाजी क्रम में अपना तीसरा स्थान वापस मिल सकता है। उनकी वापसी से संजू सैमसन के लिए टीम में जगह बनाये रखना मुश्कल होगा। सैमसन लगातार पांच मैच में विफल रहे हैं और इस दौरान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article