क्रिकेट

NZ vs SA: नॉकआउट में फिर चोकर्स साबित हुई साउथ अफ्रीका, कप्तान बावुमा ने बताया क्यों हारी उनकी टीम

NZ vs SA: साउथ अफ्रीका की टीम आईसीसी नॉकआउट में एक बार फिर से चोक कर गई। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में उसे 50 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान ने बताया कि आखिरी उनकी टीम से कहां चूक हो गई।

Image

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका (साभार-X)

NZ vs SA: दक्षिण अफ्रीका फिर आईसीसी इवेंट में चोकर्स साबित हुई। सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 50 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद कप्तान तेंबा बावुमा ने स्वीकार किया कि सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने प्रतिस्पर्धी स्कोर से अधिक रन बनाए और उन्हें पर्याप्त साझेदारियां नहीं करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।

न्यूजीलैंड के 363 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिचेल सेंटनर (43 रन पर तीन विकेट) और ग्लेन फिलिप्स (27 रन पर दो विकेट) की बलखाती गेंदों के सामने दक्षिण अफ्रीका की टीम डेविड मिलर (100 रन, 67 गेंद, 10 चौके, चार छक्के) के शतक और रेसी वान डेर डुसेन (69) तथा बावुमा (56) के अर्धशतक के बावजूद नौ विकेट पर 312 रन ही बना सकी। वान डेर डुसेन और बावुमा ने दूसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी भी की।

न्यूजीलैंड ने इससे पहले रविंद्र (108 रन, 101 गेंद, 13 चौके, एक छक्का) और विलियमसन (102 रन, 94 गेंद, 10 चौके, दो छक्के) के शतक और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 164 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 362 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर है। ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 49, 27 गेंद) और डेरिल मिचेल (49 रन, 37 गेंद) ने अंत में पांचवें विकेट के लिए 30 गेंद में 57 रन जोड़कर टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया।

बावुमा ने मैच के बाद कहा, ‘‘न्यूजीलैंड ने प्रतिस्पर्धी स्कोर से अधिक रन बनाए। मुझे लगता है कि विकेट के बेहतर होने के साथ हमने 350 रन का पीछा करने के लिए खुद को तैयार किया। हमने एक या दो अच्छी साझेदारियां कीं लेकिन वे पर्याप्त नहीं थीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे या रेसी वान डेर डुसेन में से एक को बड़ा स्कोर बनाना चाहिए था जो नहीं हो सका। न्यूजीलैंड ने हमें शुरू से ही दबाव में रखा। उन्होंने नियमित रूप से ऑफ साइड को भेदा और बीच के ओवरों में बाउंड्री लगाते रहे। डेथ ओवरों में विकेट हाथ में होने के कारण उन्हें रोकना मुश्किल था और हम दबाव में आ गए।’’

शतक जड़ने के लिए मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रविंद्र टीम की जीत में योगदान देकर काफी खुश हैं। रविंद्र ने कहा, ‘‘सेमीफाइनल में बेहतरीन जीत में योगदान देना शानदार अहसास है। मैं उतनी अच्छी शुरुआत नहीं कर पाया जितनी मैं चाहता था। दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन एक बार जब हम लय में आ गए तो केन (विलियमसन) और (विल) यंग के साथ साझेदारी बनाना अच्छा रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एकदिवसीय क्रिकेट के उतार-चढ़ाव के साथ चलना अच्छा रहा। हम 300 के आसपास रन बनाने की सोच रहे थे। ग्लेन (फिलिप्स) और मिचेल (सेंटनर) ने शानदार प्रदर्शन किया।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article