क्रिकेट

हैरी ब्रूक ने दोहरा शतक जड़कर तोड़ा शुभमन गिल का विश्व रिकॉर्ड, बनें इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज

हैरी ब्रूक ने वनडे क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। पाकिस्ता में खेली जा रही ट्राई नेशन वनडे सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में जनिथ लियानागे की गेंद पर चौका लगाकर हैरी ब्रूक ने वनडे में दोहरा शतक जड़ा। वे वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में बनाया था।

Image

हैरी ब्रूक ने तोड़ा शुभमन गिल का विश्व रिकॉर्ड। फोटो- ECB

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में रावलपिंडी अपनी तेज आउट फील्ड के लिए जाना जाता है। इस पाकिस्तानी शहर में ही क्रिकेट इतिहास के सबसे तेज गेंदबाज (शोएब अख्तर) का जन्म हुआ था, लेकिन गुरुवार को हैरी ब्रूक ने रावलपिंडी में बल्लेबाजी का तूफान ला दिया। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ चल रही ट्राई-सीरीज के एक वनडे मैच में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ दिया। ब्रूक ने शुभमन गिल के हाल ही में बनाए विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।

इंग्लैंड के व्हाइट बॉल कप्तान हैरी ब्रूक ने पारी के आखिरी ओवर में जनिथ लियानागे की गेंद पर चौका लगाकर यह मुकाम हासिल किया। वह वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिन्होंने पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में 117 गेंद पर दोहरा शतक पूरा किया था।

ODI में सबसे तेज दोहरा शतक (गेंद के हिसाब से)

114 गेंद - हैरी ब्रूक बनाम श्रीलंका, 2026

117 गेंद - शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज, 2026

126 गेंद - ईशान किशन बनाम बांग्लादेश, 2022

128 गेंद - ग्लेन मैक्सवेल बनाम अफगानिस्तान, 2023

136 गेंद - पाथुम निसंका सिल्वा बनाम अफगानिस्तान, 2024

गेल के बाद बने दूसरे बल्लेबाज

ब्रुक ने 116 गेंद पर 21 चौके और 10 छक्कों की मदद से 202 रन बनाए। वह आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। हैरी ब्रूक ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक अनोखे रिकॉर्ड के मामले में क्रिस गेल की बराबरी कर ली। ब्रूक, गेल के बाद ऐसे दूसरे बल्लेबाजी बने जिन्होंने टेस्ट में तिहरा शतक, वनडे में दोहरा शतक और टी20 में शतक जड़ा है। ब्रूक से पहले क्रिस गेल ऐसा कमाल कर चुके हैं। भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी इस लिस्ट में हैं, लेकिन उनके नाम टी20 शतक नहीं है।

इंग्लैंड ने बनाया 429 का स्कोर

इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 429 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिससे उनके गेंदबाजों को बचाव के लिए एक विशाल लक्ष्य मिल गया। पाकिस्तान में किसी भी टीम द्वारा वनडे मैच में बनाया गया यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। मेहमान टीम ने आखिरी 25 ओवरों में 296 रन बनाए।

इंग्लैंड को एक मजबूत शुरुआत मिली, जिसमें ओपनर्स टॉम बैंटन और बेन डकेट ने बड़े स्कोर की नींव रखी। बैंटन ने अर्धशतक जड़ा, जिसके बाद जो रूट और ब्रुक ने 159 रनों की अहम साझेदारी करके इंग्लैंड को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद ब्रुक ने पारी की कमान संभाली, श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोला और लगातार बाउंड्री लगाईं। उनकी 202 रनों की पारी ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और इंग्लैंड को पारी के आखिरी ओवरों में भी तेजी से रन बनाने में मदद की।

रूट ने पूरे किए 8 हजार वनडे रन

रूट ने भी 66 गेंद पर 69 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। इस पारी की बदौलत जो रूट ने वनडे क्रिकेट में अपने 8 हजार रन पूरे किए। विल जैक्स ने सिर्फ 30 गेंद पर 66 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने ब्रुक के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं, जिससे इंग्लैंड 430 रनों के आंकड़े के करीब पहुंच गया। श्रीलंका की तरफ से डुनिथ वेलालागे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 56 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि असिथा फर्नांडो ने 68 रन देकर एक विकेट लिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article