क्रिकेट

IND vs NZ: संजू सैमसन का दिखा पावर, न्यूजीलैंड में भारत की पिक्चर सुपर हिट; टी20 में चेज किया सबसे बड़ा स्कोर

भारत ने पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट हराकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर चेज किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए थे भारत ने 20.4 ओवर में 6 विकेट गंवाकर यह टारगेट हासिल कर लिया।

Image

भारत ने टी20 में चेज किया सबसे बड़ा स्कोर।

Photo : AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 4 विकेट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी सबसे सफल रन चेज की। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए थे। भारत ने संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर और नमन धीर की नाबाद पारियों की बदौलत 20.4 ओवर में 226 का टारगेट हासिल कर लिया। भारत ने जीत के साथ 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।

T20I में भारत के लिए सबसे बड़ा सफल चेज-

226 बनाम NZ, क्राइस्टचर्च, 2026

209 बनाम AUS, विशाखापत्तनम, 2023

209 बनाम NZ, रायपुर, 2026

208 बनाम WI, हैदराबाद, 2019

207 बनाम SL, मोहाली, 2009

204 बनाम NZ, ऑकलैंड, 2020

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तेज शुरुआत की। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने मिलकर 5.5 ओवर में 93 रन जोड़े। संजू सैमसन ने 23 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान 7 चौके और तीन छक्के जड़े। जब तक दोनों मैदान पर थे, तब तक भारत ने 15 से ज्यादा की नेट रन रेट से रन बनाए। हालांकि, इस साझेदारी को माइकल ब्रेसवेल ने तोड़ा। अभिषेक शर्मा 12 गेंद पर 29 रन बनाकर शॉर्ट थर्ड मैन पर कैच आउट हुए। इसके बाद तूफानी बल्लेबाजी कर रहे संजू सैमसन दुर्भाग्यवश आउट हो गए। मिचेल सैंटनर की गेंद पर संजू सैमसन प्लेडऑन हो गए।

संजू का तूफानी अर्धशतक

संजू सैमसन ने 33 गेंद पर 67 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी में प्रमोट किए गए तिलक वर्मा बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। वह 11 गेंद पर 6 रन ही बना सके। वहीं, ईशान किशन ने महज एक रन बनाकर आउट हुए। एक समय जब भारत रिकॉर्ड रनचेज की तरफ तेज से आगे बढ़ रहा था, लेकिन भारत ने 29 रन के अंदर 4 विकेट गंवाकर बैकफुट पर चला गया। यहां से अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर ने पारी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ली। दोनों पांचवें विकेट के लिए 24 गेंद पर 45 रन की साझेदारी की।

अय्यर और पटेल की उम्दा साझेदारी

लॉकी फर्ग्यूसन ने अक्षर को सब्स्टीट्यूट फील्डर डेवोन कॉनवे के हाथों कैच आउट करवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। अक्षर पटेल 14 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर और नमन धीर ने समझदारी के साथ खेल दिखाया। भारत को 24 गेंद पर 48 रन की जरूरत थी। 17वां ओवर मिचेल सैंटनर करने आए। इस ओवर में नमन धीर और श्रेयस ने मिलकर 19 रन लिए। अब भारत को 18 गेंद पर 29 रन चाहिए थे। भारत ने 17.2 ओवर में अपने 200 रन पूरे किए। फिर 19वें ओवर की पहली गेंद पर श्रेयस 42 रन बनाकर आउट हो गए। इस वक्त भारत को 16 रन चाहिए थे। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे।

धीर का धैर्य

नमन धीर ने धैर्य के साथ खेलते हुए भारत को जीत की सीमा रेखा के पार पहुंचाया। नमन ने 15 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 42 रन बनाए। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर नमन धीर ने मैच खत्म किया।

एलन-फिलिप्स की विस्फोटक बल्लेबाजी

इससे पहले फिन एलन और ग्लेन फिलिप्स की विस्फोटक बल्लेबाजी के बूते न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ चार विकेट पर 225 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। नियमित तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के कारण भारतीय आक्रमण में धार की कमी साफ दिखाई दी। एलन ने 24 गेंद में 45 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 40 गेंद पर नाबाद 82 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के आक्रामक तेवरों के सामने भारतीय गेंदबाज बेअसर नजर आए। न्यूजीलैंड ने इस तरह से भारत के खिलाफ अपने सबसे बड़े स्कोर की बराबरी की। यह घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड का अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी रहा।

शुरुआत में गेंद को स्विंग मिल रही थी, लेकिन न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने इस चुनौती का बखूबी सामना किया और बाद में भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए। करीब चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने उतरे भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर में अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन अगले ओवर में टिम सीफर्ट (17 गेंद में 24 रन) ने उन पर दो चौके और लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक गगनचुंबी छक्का जड़ दिया। इस ओवर में कुल 17 रन बने।

गेंदबाजों को बनयाा निशाना

इसके बाद अगले ओवर में एलन ने अर्शदीप सिंह को निशाना बनाया। उनके ओवर में भी 17 रन आए, जिससे पावरप्ले में न्यूजीलैंड को तेज शुरुआत मिली। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने ऑफ-साइड में शानदार शॉट लगाकर खूब रन बटोरे। पावरप्ले के दौरान ही मयंक यादव को गेंदबाजी पर लगाया गया। अतिरिक्त गति से गेंदबाजी करने वाले मयंक ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर सीफर्ट को विकेट के पीछे कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।

फीकी रही भुवी की वापसी

इसके बाद गेंदबाजी के लिए अक्षर पटेल के खिलाफ एलन और डेरिल मिचेल ने एक-एक छक्का जड़कर स्कोर को शुरुआती छह ओवरों में एक विकेट पर 65 रन कर दिया। अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में मिचेल का विकेट हासिल किया, लेकिन भुवनेश्वर कुमार भारतीय टीम को कोई बड़ी सफलता नहीं दिला सके। उनके तीसरे ओवर में 14 रन बने। इसके बाद उन्हें पारी का 20वां और अंतिम ओवर सौंपा गया, जिसमें भी 14 रन खर्च हुए। भुवनेश्वर ने अपने चार ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 49 रन दिए।

भारतीय गेंदबाजों ने लुटाए रन

फिलिप्स ने पारी का समापन कवर क्षेत्र के ऊपर से शानदार स्विच-हिट लगाकर किया। बेवन जैकब्स की 16 गेंद पर 31 रन की तेजतर्रार पारी ने भी न्यूजीलैंड को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पारी का मुख्य आकर्षण अर्शदीप सिंह की गेंद पर लगाया गया पहली ही गेंद का सीधा छक्का रहा। भारतीय गेंदबाजों में अक्षर सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने चार ओवरों में 51 रन लुटाए। न्यूजीलैंड ने आखिरी पांच ओवरों में 67 रन बटोरकर भारतीय गेंदबाजी की कमजोरी को पूरी तरह से उजागर कर दिया।

प्लेयर ऑफ द मैच- संजू सैमसन को उनकी 67 रन की पारी के चलते प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article