स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर शानदार आगाज किया है। पांच मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऐतिहासिक रनचेज कर मेजबान टीम को चारो खाने चित कर दिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में संजू सैमसन (67), श्रेयस अय्यर (42) और नमन धीर (नाबाद 42 रन) की पारियों की बदौलत भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर चेज किया।
ऐतिहासिक जीत के बाद श्रेयस ने जेट लैग की चर्चा को बंद कर देने पर जोर दिया। उन्होंने पिच की कंडीशन पर खुलकर बात की। साथ ही उन्होंने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की तेज शुरुआत की सराहना की। वहीं, गेम खत्म करने वाले नमन धीर के तारीफों के पुल बांध दिए।
'जेट लैग को भूल जाएं'
मैच के बाद श्रेयस ने कहा, शायद अब हमें जेट लैग को भूल ही जाना चाहिए (हंसते हुए)। जब हमने गेंदबाजी शुरू की, तब पिच थोड़ी धीमी खेल रही थी। हम अपनी योजना के मुताबिक हार्ड लेंथ पर गेंद डालने के बजाय थोड़ी आगे गेंदबाजी कर रहे थे। इसके बाद ओस आई और गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी। इससे उनको मोमेंटम मिला और वे 220 के स्कोर तक पहुंच गए।
संजू अभिषेक की तारीफ
ताबड़तोड़ शुरुआत पर अय्यर ने कहा, जब आप 220 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे हों और पहले छह ओवर में 85 रन बन जाएं, तो इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती। संजू और अभिषेक इतने अनुभवी हैं कि उन्हें अपना काम समझाने की जरूरत नहीं है। जाहिर है, हर बार ऐसा नहीं होता। लेकिन जब वे चल जाते हैं, तो हमारे लिए मैच की नींव रख देते हैं। इसके बाद हम बाकी खिलाड़ी पारी को संभालने और मैच खत्म करने की कोशिश करते हैं।
नमन धीर की भी की प्रशंसा
नमन धीर की बल्लेबाजी पर अय्यर ने कहा, वह हमें बहुत सारे ऑप्शन देते हैं, खासकर लेफ्टी बैट्समैन के लिए या राइट-हैंडर बैटिंग के लिए भी, खासकर इस ग्राउंड पर आकर वे दो-तीन जरूरी ओवर बॉलिंग करना असल में मोमेंटम बदल सकता है। और मुझे पर्सनली लगता है कि आज उन्होंने जो शांत और सुलझे हुए नेचर का परिचय दिया। उसे बैटिंग करते देखना वाकई शानदार था।
क्यों हो रही जेट लैग की चर्चा
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 18 सितंबर को टी20 मुकाबला खेला। इसके बाद भारतीय टीम एक दूर-दराज देश पहुंची। टीम एक दिन अभ्यास करती है और अगले ही दिन अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतर जाती है। यानी चार दिन के अंदर टीम भारत के न्यूजीलैंड जाती है और एक बड़ा मुकाबला खेलती है। ऐसे में मुकाबले से पहले जेट लैग की चर्चा शुरू हुई। कई विशेषज्ञों का मानना था कि भारतीय खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड की परिस्थिति और बदले टाइम जोन में एडजस्ट करने में समय लगेगा। हालांकि, पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने जिस तरह से प्रदर्शन किया, उससे इस चर्चा पर विराम लग गया।
क्या है जेट लैग
जेट लैग अक्सर अलग-अलग टाइम जोन वाले देशों में यात्रा करने वालों के लिए एक आम चुनौती है। इसमें यात्री को थकान से लेकर लंबे समय तक बेचैनी की समस्या होती है। जेट लैग के तहत यात्री को सही से नींद नहीं आती है। जेट लैग के लक्षणों में नींद संबंधी समस्याएं जैसे कि सो न पाना या जल्दी जाग जाना, दिन में थकान, अपने सामान्य स्तर पर ध्यान केन्द्रित करने या कार्य करने में असमर्थ होना, पेट की समस्याएं जैसे कब्ज या दस्त और मूड बदलना आदि शामिल होता है।
