तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए ने अफगानिस्तान को 101 रन के बड़े अंतर से हराकर श्रीलंका में खेले जा रहे ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए ने 9 विकेट के नुकसान पर 319 रन बनाए और फिर बाद में अफगानिस्तान को 218 रन पर रोककर आसान जीत गासिल कर ली। इस जीत की खुशियां अभी ठीक से मनी भी नहीं थी कि तिलक वर्मा को तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन ने एक झटका दे दिया। हालांकि, वो अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं। तिलक के अलावा अंबाती रायडू और मोहम्मद सिराज भी इसमें शामिल हैं।
TCA ने भेजा कानूनी नोटिस
तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन ने अभिनेता विजय देवरकोंडा और वेंकटेश के अलावा क्रिकेटर अंबाती रायडू, तिलक वर्मा और मोहम्मद सिराज को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) बीसीसीआई की मंजूरी के बिना कॉर्पोरेट कंपनियों के साथ मिलकर व्यावसायिक गतिविधियां चला रहा है।
इस नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन, बीसीसीआई की अनुमति के बिना ऐसा कर रही है। इसके अनुसार HCA जो टी20 लीग आयोजित कर रही है, उसके लिए उसने बीसीसीआई की अनुमति नहीं ली है और उसका प्रचार-प्रसार करना भी नियमों का उल्लंघन के तौर पर देखा जाएगा और इसे एक अपराध की श्रेणी में रखा गया है। विजय देवरकोंडा इस लीग के ब्रांड एंबेस्डर के तौर पर जुड़े हैं जबकि इन क्रिकेटरों पर इसे प्रमोट करने का आरोप है।
हालांकि, इस मामले में हैदराबाद क्रिकेट की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इतना ही नहीं बीसीसीआई की ओर से भी इस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
