क्रिकेट

T2O World Cup 2026: सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं करेगी टीम इंडिया, पाकिस्तानी गेंदबाज की भविष्यवाणी (VIDEO)

हाल ही में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को एकतरफा तरीके से हराया था, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। अब इस गेंदबाज ने सेमीफाइनल को लेकर ऐसी भविष्यवाणी कर दी है जिसके बाद वह करोड़ों भारतीय फैंस के निशाने पर आ गए हैं।

Image

भारत-पाकिस्तान (साभार-x)

T2O World Cup 2026: 21 फरवरी से सुपर-8 के मुकाबले शुरू हो रहे हैं जो एक मार्च तक चलेंगे। सेमीफाइनल 4 और 5 मार्च को जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। भारतीय टीम, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ X ग्रुप में है, जबकि Y ग्रुप में पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीम है। सुपर-8 में भारत के मुकाबलों की बात करें तो उसे 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ, 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है, वहीं पाकिस्तान को अपना पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड, दूसरा मुकाबला, 24 फरवरी को इंग्लैंड और तीसरा और आखिरी मुकाबला 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेलना है। लेकिन इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने ऐसी भविष्यवाणी की है, जिससे भारतीय फैंस काफी नाराज हैं।

मोहम्मद आमिर ने की भविष्यवाणी

दुनिया गवाह है कि इस टी20 वर्ल्ड कप जीतने की सबसे बड़ी दावेदार टीम इंडिया है। लीग स्टेज में उसने जिस तरह की क्रिकेट खेली है, वह बताता है कि टीम इंडिया के सामने बाकी टीम थोड़ी कमजोर नजर आ रही है, ऐसे में पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक ऐसी भविष्यवाणी कर दी है, जिसके कारण वह भारतीय फैंस के निशाने पर आ गए हैं। एक कार्यक्रम के दौरान आमिर ने बताया कि टीम इंडिया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी। उन्होंने ग्रुप X से साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल के लिए चुना।

भारतीय क्रिकेटर को बनाया था निशाना

यह पहली दफा नहीं है, जब आमिर ने भारतीय क्रिकेट या फिर क्रिकेटर को अपना निशाना बनाया है। इससे पहले उन्होंने इस फॉर्मेट के नंबर वन बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर निशाना साधा था और उन्हें 'लप्पेबाज' बल्लेबाज बताया था। अभिषेक अब तक आमिर को बल्ले से जवाब नहीं दे पाए हैं। 3 पारी में अब तक अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल पाए हैं। उम्मीद है कि सुपर-8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभिषेक बल्ले से आमिर को जवाब देंगे और टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचकर उनकी बोलती बंद करेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article