शहर

कानपुर में बंधक बनाए गए BJP ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव, नकाबपोश बदमाशों ने लूटे 15 लाख रुपये और दो सोने की चेन

Kanpur News: कानपुर में उत्तर प्रदेश बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्महाउस पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर 15 लाख रुपये नकद और सोने की दो चेन लूट लीं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पूछताछ के लिए सुरक्षाकर्मियों, अंगरक्षकों, चालक और नौकर समेत करीब 14 कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।

Image

उत्तर प्रदेश बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव (फोटो- इंस्टाग्राम)

Kanpur News: कानपुर स्थित सेन-पश्चिम पारा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव को दो नकाबपोश बदमाशों ने उनके फार्महाउस पर बंधक बना लिया और 15 लाख रुपये व सोने की दो चेन लूट लीं। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि लूट के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए चार सुरक्षाकर्मी, चार अंगरक्षक, चालक और नौकर सहित करीब 14 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।

नकदी और सोने की दो चेन लूटकर फरार हुए बदमाश

लाल ने बताया कि रमेश यादव सोमवार रात लखनऊ से लौटने के बाद अपने फार्महाउस में ठहरे थे, तभी दो नकाबपोश व्यक्ति वहां दाखिल हुए और उन्हें बंधक बनाने के बाद नकदी और गले में पहनी सोने की दो चेन लूटकर फरार हो गए। यादव किसी तरह खुद को मुक्त कराने में सफल रहे और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।

आरोपियों को थी फार्महाउस में रखी नकदी की जानकारी?

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विपिन ताडा और पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भाजपा नेता के फार्महाउस पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस इस मामले में जान-पहचान वाले लोगों की मिलीभगत की आशंका की भी जांच कर रही है। संदेह है कि आरोपियों को फार्महाउस में रखी नकदी के बारे में पहले से जानकारी रही होगी।

जांच के लिए छह पुलिस दल गठित किए गए

पुलिस आयुक्त ने कहा, "हमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिल गई है, लेकिन उसमें किसी संदिग्ध चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। हम सुराग तलाशने के लिए चारदीवारी के पास हुई कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे हैं।" मामले को सुलझाने के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त अरीबा नोमान और अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में करीब छह पुलिस दल गठित किए गए हैं। रमेश यादव ने कहा कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटी गई नकदी तथा कीमती सामान बरामद करने के प्रयास कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article