Manjit Singh Sidhu Joins Congress: पंजाब की सियासत में मंगलवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री भगवंत मान के सबसे करीबी माने जाने वाले पूर्व ओएसडी मनजीत सिंह सिद्धू ने 'आप' का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह (Punjab Congress Pargat Singh) ने उन्हें पार्टी की औपचारिक सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद मनजीत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी के साथ खड़े हैं, जबकि उनका अपना रुख हमेशा पंजाब और प्रदेश की जनता के साथ है। यही वजह है कि उनके और मुख्यमंत्री के रास्ते अब पूरी तरह अलग हो चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब को लेकर उन्होंने जो सपने देखे थे, वे आम आदमी पार्टी के शासन में पूरे नहीं हो सके, जिसके चलते उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'सौरव दास, आशुतोष और अजिंक्य का अपहरण, वकीलों को घुसने नहीं दिया', दिपके बोले- देश में चल रही खुली तानाशाही
सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय को समझने के मामले में राहुल गांधी की सोच बिल्कुल अलग और स्पष्ट है। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट जैसे ऊर्जावान और युवा नेताओं के आने से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह जागेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस पार्टी में किसी पद की लालसा के लिए नहीं आए हैं, बल्कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पंजाब और अपने क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर काम करना चाहते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी का इस तरह पाला बदलना 'आप' के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।
