क्रिकेट

IND vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया ने शुरू किया अभ्यास

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टेस्ट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के चेन्नई में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच पहले शुक्रवार को अभ्यास शुरू कर दिया। विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह सहित टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने नेट्स पर जमकर बहाया पसीना।

Image

विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह( साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
भारतीय टीम ने चेन्नई में शुरू किया अभ्यास
विराट कोहली ने 45 मिनट की बल्लेबाजी
बुमराह ने भी किया गेंदबाजी का अभ्यास

चेन्नई: एक महीने के ब्रेक के बाद भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिये अभ्यास शुरू कर दिया है और पहले अभ्यास सत्र में चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली ने नेट पर 45 मिनट बिताये जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी जमकर अभ्यास किया। बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट 19 सितंबर से खेला जायेगा। कप्तान रोहित शर्मा, कोहली समेत पूरी टीम यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम पर एकत्र हुई। नये गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल और सहायक कोच अभिषेक नायर भी मौजूद थे।

बीसीसीआई ने कहा, उल्टी गिनती शुरू

बीसीसीआई ने पहले दिन के अभ्यास की तस्वीरें साझा करके लिखा,'उलटी गिनती शुरू। टीम इंडिया ने रोमांचक घरेलू सत्र के लिये तैयारी शुरू कर दी।' तस्वीरों में दिखाया गया है कि पूरी टीम गंभीर, सहयोगी स्टाफ और कप्तान रोहित की बात ध्यान से सुन रही है। एक स्थानीय सूत्र ने बताया,'विराट करीब 45 मिनट वहां थे और बुमराह ने भी लगातार गेंदबाजी की।'

विराट शुक्रवार सुबह पहुंचे लंदन से चेन्नई

इससे पहले पीली जर्सी पहने रोहित सुरक्षाकर्मियों के घेरे में हवाई अड्डे से बाहर निकले जबकि विराट लंदन से सीधे तड़के यहां पहुंचे हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, बल्लेबाज केएल राहुल,विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बृहस्पतिवार को ही यहां पहुंच गए थे। खिलाड़ी एक महीने से अधिक के ब्रेक के बाद मैदान पर लौटेंगे। अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भारत को पराजय का सामना करना पड़ा था। नये कोच गौतम गंभीर के साथ यह पहली टेस्ट श्रृंखला है।

बांग्लादेश की टीम भी है फॉर्म में

बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान को टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से हराया है। यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र का हिस्सा है। भारत को इसके बाद न्यूजीलैंड से तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला और आस्ट्रेलिया में पांच मैचों की बॉर्डर गावस्कर श्रृंखला खेलनी है। भारत डब्ल्यूटीसी में 68. 52 प्रतिशत अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि ऑस्ट्रेलिया 62.52 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश 45.83 प्रतिशत अंक लेकर चौथे स्थान पर है। दूसरा टेस्ट 27 सितंबर से कानपुर में खेला जायेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article