क्रिकेट

IND vs PAK: एशिया कप से पहले धर्मसंकट में टीम इंडिया, नकवी से हाथ मिलाने और ट्रॉफी लेने पर संशय

IND vs PAK: एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान की टीम रविवार को तीसरी बार भिड़ने वाली है। ऐसे में हाथ मिलाने को लेकर बीसीसीआई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब तक हुए दो मुकाबलों में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था, लेकिन फाइनल में ट्रॉफी एसीसी चीफ होने के नाते मोहसिन नकवी ही देंगे। ऐसे में टीम इंडिया का रुख क्या होगा?

Image

एशिया कप फाइनल (साभार-ACC)

IND vs PAK: एशिया कप फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सामने धर्मसंकट की स्थिति बनी हुई है। रविवार को तीसरी बार भारत और पाकिस्तान की टीम भिड़ने वाली है, लेकिन इस बार दांव पर एशिया कप की ट्रॉफी है। अब तक हुए दो मुकाबलों में टीम हाथ न मिलाने के अपने स्टैंड पर कायम रही है, लेकिन क्या फाइनल में इसे बरकरार रख पाना आसान होगा। फाइनल में नियम के मुताबिक एसीसी चीफ जोकि मोहसिन नकवी ट्रॉफी देंगे। ऐसे में टीम इंडिया की ओर से उनसे ट्रॉफी लेने या फिर हाथ न मिलाने की स्थिति अब तक साफ नहीं है।

फाइनल में एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी रविवार को यहां एशिया कप फाइनल को देखने के लिए मौजूद रहेंगे, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मैच के बाद की पुरस्कार समारोह के दौरान भारतीय टीम उनकी मौजूदगी पर कैसा रूख अख्तियार करती है। बोर्ड के किसी प्रमुख का मैच देखने आना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन विवाद का मुख्य कारण यह है कि एसीसी प्रमुख के तौर पर मैच के बाद पुरस्कार समारोह में नकवी का मौजूद रहना अनिवार्य है। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख भी हैं।

महाद्वीपीय संस्था अध्यक्ष विजेता टीम को ट्रॉफी देने के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ियों से औपचारिक रूप से हाथ मिलाता है। भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ ‘हाथ नहीं मिलाने’ की नीति पर कायम है, ऐसे इस बात की संभावना कम है कि भारत विरोधी मानसिकता रखने वाले पीसीबी प्रमुख के साथ भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अपने खिलाड़ियों को हाथ मिलाने की अनुमति देगा। बीसीसीआई ने अभी तक नकवी को लेकर अपनी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

नकवी के कहने पर ही पीसीबी ने 14 सितंबर के मैच के बाद मैच रेफरी एंडी पाइक्राफ्ट पर यह आरोप लगाया था कि उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को अभिवादन करने से रोका। इस आरोप को हालांकि आईसीसी ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था। नकवी ने इसके साथ ही भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को फाइनल से प्रतिबंधित करने की मांग की थी। पीसीबी ने उनकी शिकायत की थी कि उन्होंने 14 सितंबर की जीत को अपने देश की सेना को समर्पित किया और पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाई।

भारत की स्थिति अब भी साफ नहीं

एशिया कप से जुड़े सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘अब तक की जानकारी के अनुसार वह शनिवार शाम को दुबई पहुंचेंगे। जाहिर है कि एसीसी अध्यक्ष के रूप में विजेता टीम को ट्रॉफी वही देंगे। अब देखना होगा कि बीसीसीआई क्या फैसला लेती है।’’ नकवी ने पिछले कुछ दिनों में दो बार ‘एक्स’ पर भारत विरोधी पोस्ट किया। इसमें उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के गोल के जश्न का पोस्ट साझा किया था जिसमें वह हाथ से विमान जैसा इशारा करते दिख रहे हैं। यह वही इशारा है जिसे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने 21 सितंबर को भारत के खिलाफ मैच में बार-बार किया था। इसके लिए उन पर जुर्माना भी लगा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article