क्रिकेट

ऋषभ पंत ने किसके सिर पर फोड़ा कोलकाता टेस्ट में हार का ठीकरा, बताया-कौन सा था मैच का टर्निंग प्वाइंट

कोलकाता टेस्ट में हार के लिए टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान ऋषभ पंत ने बल्लेबाजों को दोषी ठहराया है। पंत ने टेम्बा बावुमा और कार्बिन बॉश के बीच हुई साझेदारी को मैच का टर्निंग प्वाइंट करार दिया है।

Image

ऋषभ पंत

Photo : AP

कोलकाता: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 124 रन का पीछा नहीं कर पाने पर अफसोस जताते हुए उप कप्तान ऋषभ पंत ने रविवार को कहा कि बल्लेबाजों को ईडन गार्डन्स की मुश्किल पिच पर खेलने की चुनौती के अनुकूल ढल जाना चाहिए था। भारतीय टीम दूसरी पारी में 93 रन पर ढेर हो गई जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 30 रन की जीत से दो मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। चोटिल होने के कारण नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में आए पंत ने कहा 'इस तरह के मैच के बाद आप इसके बारे में ज्यादा सोचते हुए नहीं रह सकते। हमें इस लक्ष्य को हासिल करना चाहिए था। दूसरी पारी में दबाव बढ़ता जा रहा था। हम फायदा नहीं उठा पाए। विकेट से (गेंदबाजों को) मदद मिल रही थी।'

बावुमा-बॉश की साझेदारी बनी टर्निंग प्वाइंट

पंत ने कहा कि मेजबान टीम गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट मैच में मजबूती से वापसी करेगी। उन्होंने आगे कहा,'इस तरह की मुश्किल पिचों पर 120 रन का स्कोर मुश्किल हो सकता है। लेकिन फिर भी हमें दबाव झेलकर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। हमने सुधारों के बारे में नहीं सोचा है, लेकिन हम निश्चित रूप से मजबूत वापसी करेंगे।' इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा और कॉर्बिन बॉश के बीच आठवें विकेट के लिए हुई 44 रन की साझेदारी मैच का ‘टर्निंग प्वाइंट’ थी। पंत ने कहा,'तेम्बा और बॉश ने सुबह अच्छी साझेदारी की। उनके बीच की इस साझेदारी से हमें नुकसान पहुंचा।'

बावुमा ने गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा ने अपनी टीम को मैच में बनाए रखने का श्रेय गेंदबाजों को दिया।बावुमा ने कहा,'हम इन मैचों के नतीजे में सही तरफ रहना चाहते हैं। यह हमारे लिए मुश्किल था और हमें वापसी के लिए गेंदबाजों की जरूरत थी। हम अपने गेंदबाजों को बार-बार बदलते रहे जो हमारे लिए कारगर रहा। हमारे गेंदबाजों ने हर बार मदद की।' बावुमा ने रविवार को तीसरे दिन के पहले घंटे में कुछ अहम रन जोड़ने में मदद के लिए बॉश को श्रेय दिया। उन्होंने कहा,'बॉश के साथ मेरी साझेदारी अच्छी रही। आज सुबह विकेट बेहतर था, उतना ज्यादा उतार-चढ़ाव वाला नहीं था। ऐसा हर बार नहीं होता कि 120 रन बनाने के बाद आपको लगे कि आप मैच में हैं।'

साइमन हार्मर बने प्लेयर ऑफ द मैच

बावुमा ने नाबाद 55 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली जिससे दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को बचाव का मौका मिला और वह अपने प्रयास से खुश थे। ‘मैन ऑफ द मैच’ बने साइमन हार्मर आठ विकेट लेकर जीत में योगदान देकर खुश थे। उन्होंने कहा,'मुझे लगा कि आज पिच थोड़ी सपाट थी क्योंकि गेंद पुरानी हो गई थी। यह उतनी तेजी से नहीं उछल रही थी। पर योगदान देकर अच्छा लगा। मैं जीत से खुश हूं। श्रृंखला में अभी एक मैच बाकी है, इसलिए हम इसका आनंद लेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article