भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए टीम इंडिया शनिवार को इंदौर पहुंच गई। पहला मुकाबला 5 विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी टीम इंडिया की कोशिश इंदौर वनडे जीतक सीरीज पर कब्जा करने की होगी।
BCCI ने शेयर किया वीडियो
बीसीसीआई ने टीम इंडिया के इंदौर पहुंचने का एक शॉर्ट वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में टीम के मोहाली से निकलकर इंदौर पहुंचने के सफर को दिखाया गया है। वीडियो में टीम इंडिया के खिलाड़ियों को लेकर फैंस का उत्साह साफ देखा जा सकता है। इस वीडियो में कप्तान केएल राहुल समेत ज्यादातर खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
दूसरे मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया बल्लेबाजी क्रम में भले ही कोई बदलाव न करे, लेकिन गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह को आराम देकर मोहम्मद सिराज या फिर प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकती है।
पहले वनडे में था ऑलराउंड प्रदर्शन
मोहाली वनडे की बात करें तो टीम इंडिया का प्रदर्शन बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार रहा था। गेंदबाजी में जहां मोहम्मद शमी ने 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की टीम को 276 रन के स्कोर पर रोका था तो वहीं बल्लेबाजी में श्रेयस अय्यर और ईशान को छोड़कर सभी बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। शुभमन गिल ने सर्वाधिक 74 रन जबकि रुतुराज गायकवाड़ ने 71 रन की पारी खेली थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी भी की थी।
