IND vs OMAN: टीम इंडिया दो शुरुआती मुकाबले जीतकर पहले ही एशिया कप 2025 के सुपर-फोर में अपनी जगह पक्की कर चुका है। अपने आखिरी लीग मुकाबले में टीम इंडिया का सामना ओमान से होगा, जो पहली बार एशिया कप खेल रही है। ओमान की टीम पहले ही एशिया कप से बाहर हो चुकी है। 19 सितंबर को भारत और ओमान का मुकाबला होना है। यह मुकाबला अबू धाबी में खेला जाएगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकता है। रिपोर्ट की मानें तो इस मुकाबले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम कराया जा सकता है। जसप्रीत बुमराह को आराम देने के अलावा कोई और बदलाव करने से बचना चाहेगा।
भारत सुपर फोर में 21, 24 और 26 सितंबर को अपने मैच खेलेगा इसके बाद 28 सितंबर को एशिया कप का फाइनल होगा। ऐसे में टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार यह टीम अगर खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई करती है तो उसे सात दिनों में चार मैच खेलने पड़ सकते हैं। टीम प्रबंधन अपने प्रमुख तेज गेंदबाज को आगे के चुनौतीपूर्ण दौर के लिए तरोताजा रखने के महत्व को समझता है।
बुमराह खुद मैच से बाहर रहना चाहते हैं या नहीं, इसका पता नहीं चला है, लेकिन यह फैसला व्यावहारिक होने की उम्मीद है क्योंकि उन्हें किसी कम महत्व वाले मैच की जगह टूर्नामेंट के आखिरी चरण के लिए पूरी तरह से तैयार रखना बेहतर है विकल्प है। ऐसी स्थिति में अर्शदीप सिंह या हर्षित राणा में से किसी एक के खेलने की संभावना है। अर्शदीप का दावा, हालांकि मजबूत होगा क्योंकि वह अधिक अनुभवी है और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरा करने के करीब है। बल्लेबाजी के मोर्चे पर शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाज मैच की परिस्थितियों में क्रीज पर अधिक समय बिताना पसंद करेंगे। यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ भारत के शुरूआती दो मैच एकतरफा रहे थे और ऐसे में ओमान के खिलाफ बैखौफ बल्लेबाजी कर टीम बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका जैसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वियों से भिड़ने से पहले अपने खेल को और बेहतर कर सकती है।
ओमान के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन-अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह/हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती।
