क्रिकेट

Asia Cup 2025: एशिया कप के लिए इस दिन दुबई में एकजुट होंगे भारतीय खिलाड़ी, बीसीसीआई ने बनाया ये प्लान

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी 9 सितंबर से यूएई में आयोजित होने जा रहे टी20 एशिया कप 2025 के लिए चार सितंबर को दुबई में एकजुट होंगे। इसके बाद टीम टूर्नामेंट के लिए नेट्स में कमर कसेगी।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में 15 सदस्यीय भारतीय टीम नौ सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए चार सितंबर को दुबई में एकत्रित होगी। आमतौर पर निर्धारित परंपरा से हटकर खिलाड़ी अपने-अपने स्थानों से सीधे दुबई पहुंच कर वहां टीम से जुड़ेंगे। इससे पहले अमूमन टीम रवाना होने से पहले मुंबई में एकत्रित होती थी। यह निर्णय व्यवस्था तथा खिलाड़ियों की यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

चार सितंबर तक दुबई पहुंच जाएंगे सभी भारतीय खिलाड़ी

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया,'सभी खिलाड़ी चार सितंबर की शाम तक दुबई पहुंच जाएंगे और पहला नेट सत्र पांच सितंबर को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) अकादमी में आयोजित किया जाएगा। लॉजिस्टिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को अपने-अपने शहरों से सीधे दुबई पहुंचने के लिए कहा जाएगा। जाहिर है टीम के कुछ सदस्य मुंबई से रवाना होंगे लेकिन कुछ अन्य सदस्यों का मानना है कि पहले मुंबई पहुंचकर दुबई के लिए उड़ान भरना समझ से समझ से परे है। वैसे भी दुबई पहुंचने में अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की तुलना में कम समय लगता है।'

स्टैंडबाय खिलाड़ी टीम के साथ नहीं करेंगे यात्रा

भारत टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में 10 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात से भिड़ेगा और उसके बाद 14 सितंबर को दुबई में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा। सुपर फोर चरण से पहले उसका तीसरा ग्रुप मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ होगा। एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा गुरुवार को शुरू हुए दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में उत्तर क्षेत्र की तरफ से पूर्व क्षेत्र के खिलाफ जबकि कुलदीप यादव मध्य क्षेत्र की तरफ से उत्तर पूर्व क्षेत्र के खिलाफ खेल रहे हैं। जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या स्टैंडबाय खिलाड़ियों में शामिल प्रसिद्ध कृष्णा या वॉशिंगटन सुंदर नेट गेंदबाज के तौर पर मुख्य टीम के साथ यात्रा करेंगे तो उन्होंने इससे इनकार किया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article