क्रिकेट

बुमराह, राहुल और शमी को फिट करने वाले फिजियोथेरेपिस्ट नितिन पटेल ने दिया इस्तीफा

Physiotherapist Nitin Patel Resign: एनसीए के चिकित्सा टीम के प्रमुख नितिन पटेल ने अचाकन इस्तीफा दे दिया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया नितिन ने स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया।

Image

फिजियोथेरेपिस्ट भारतीय टीम नितिन पटेल (साभार-X)

Physiotherapist Nitin Patel Resign: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘सेंटर आफ एक्सीलेंस’ (सीओई, पहले एनसीए–राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) के स्टाफ में आने वाले कुछ महीनों में कुछ बदलाव हो सकते हैं क्योंकि खेल विज्ञान और चिकित्सा टीम के प्रमुख नितिन पटेल ने हाल ही में लगभग तीन साल के सफल कार्यकाल के बाद अपना इस्तीफा दे दिया है।

पटेल इस पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे, लेकिन बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को इस बात की पुष्टि की कि एनसीए के सबसे वरिष्ठ कर्मचारियों में से एक नितिन ने वास्तव में अपना पद छोड़ दिया है।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘हां, नितिन ने स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन का बीसीसीआई के साथ बहुत अच्छा कार्यकाल था। उन्होंने एनसीए में स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’ सूत्र ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में सबसे अच्छी बात यह रही कि जब भी कोई खिलाड़ी चोटिल होने पर उपचार के लिए यहां आता था तो पूरी तरह फिट होने पर ही उसे खेलने की मंजूरी मिलती थी। नितिन का परिवार विदेश में रहता है और सीओई के खेल विज्ञान और चिकित्सा प्रभाग की जिम्मेदारी संभालना साल में 365 दिन का काम है। ’’

पटेल ने अपने कार्यकाल के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी, बल्लेबाज केएल राहुल और स्पिनर कुलदीप यादव जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के रिहैबिलिटेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सूत्र ने कहा कि लेवल तीन के कुछ कोच और ‘स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग’ से जुड़े कुछ कोच अगले कुछ महीनो में अपना पद छोड़ सकते हैं।

एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण का कार्यकाल इस साल के अंत तक पूरा होने वाला है। उनसे हालांकि 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक अपने पद पर बने रहने का अनुरोध किया जा सकता है। पटेल से पहले एनसीए से जुड़े कोचों में से एक साईराज बहुतुले ने भी पद छोड़ दिया था और वह राजस्थान रॉयल्स के सहयोगी स्टाफ में शामिल हो गए। यही नहीं सितांशु कोटक सीनियर पुरुष टीम स्टाफ में स्थायी रूप से शामिल हो गए हैं।

भारत की अंडर 19 टीम से जुड़े एनसीए के कोच हृषिकेश कानिटकर अब भी सीओई में हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगले साल की शुरुआत में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के समाप्त होने के बाद वह अपने पद पर बने रहेंगे या नहीं। कुछ विशेषज्ञ बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच हैं, जो आने वाले महीनों में नए करियर की तलाश में अपना पद छोड़ सकते हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article