स्पोर्ट्स

पैरा एथलीट अनमोल वशिष्ठ पर आईपीसी ने लगाया तीन साल का प्रतिबंध

अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति ने भारतीय पैरा एथलीट अनमोल वशिष्ठ पर प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमिटी लोगो

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) ने भारतीय पैरा एथलीट अनमोल वशिष्ठ पर प्रतिबंधित पदार्थ (एनाबॉलिक स्टेरॉयड) के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया है। वशिष्ठ मार्च में नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री के दौरान डोप परीक्षण में प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए गए थे।

आईपीसी ने अपने बयान में कहा कि वशिष्ठ के 11 मार्च को पुरुषों की भाला फेंक एफ55 स्पर्धा के दौरान प्रतियोगिता के बीच लिए गए नमूने में ’डिहाइड्रोक्लोरोमेथाइल-टेस्टोस्टेरोन (डीएचसीएमटी)’ से जुडे पदार्थ की मौजूदगी पाई गई थी। डीएचसीएमटी एक ’एनाबॉलिक एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड’ है, जिसे विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की 2026 की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में शामिल किया गया है। आईपीसी ने मामले की जांच पूरी होने तक 24 अप्रैल को वशिष्ठ को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। बाद में उन्होंने डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन को स्वीकार करते हुए आईपीसी की ओर से प्रस्तावित सजा पर सहमति जता दी।

वशिष्ठ पर प्रतिबंध की अवधि 24 अप्रैल, 2026 से 23 अप्रैल, 2029 तक रहेगी। इस दौरान वह अधिकृत डोपिंग रोधी शिक्षा या रिहैब्लिटेशन कार्यक्रमों को छोड़कर किसी भी प्रतियोगिता या अन्य खेल गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। आईपीसी ने कहा,'नई दिल्ली में 2026 विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री की पुरुषों की भाला फेंक एफ55 स्पर्धा में खिलाड़ी के परिणाम स्वत: अयोग्य घोषित किए जाते हैं। इसके तहत पदक, अंक और पुरस्कार गंवाने सहित सभी संबंधित परिणाम लागू होंगे।'

आईपीसी ने इस बात को भी दोहराया कि खिलाड़ियों के नमूनों में प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाने पर वे इसके लिए स्वयं जिम्मेदार होते हैं। यह नियम इस बात से स्वतंत्र है कि पदार्थ का इस्तेमाल जानबूझकर किया गया था या अनजाने में या ऐसे मामले में खिलाड़ी की लापरवाही या गलती शामिल थी या नहीं। विश्व डोपिंग रोधी संहिता से जुड़ी आईपीसी ने कहा कि वह खेलों को डोपिंग से मुक्त रखने और खिलाड़ियों के लिए निष्पक्ष खेल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article