Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) एक्शन मोड में नजर आ रही है। सीबीआई की एक टीम ने शनिवार को पूर्व विधायक सुरेश राठौर से हरिद्वार में पूछताछ की। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीम ने हरिद्वार स्थित भेल (BHEL) गेस्ट हाउस में राठौर से पूछताछ की।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अंकिता भंडारी के माता-पिता ने बुधवार को दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी के साथ सीबीआई निदेशक से मुलाकात की थी।
पूर्व विधायक राठौर से 4 घंटे हुई पूछताछ
सीबीआई की टीम ने पूर्व विधायक राठौर से तकरीबन 3 से 4 घंटे तक पूछताछ की। सीबीआई की टीम सुरेश राठौड़ को उनके आवास से उठाकर शिवालिक गेस्ट हाउस लेकर आई, जहां पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद सुरेश राठौर का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि सीबीआई को वह सहयोग कर रहे हैं और आगे भी पूरा सहयोग करते रहेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस सेवादल का कैंडल मार्च, श्रीनिवास बोले- विश्वसनीय और निष्पक्ष जांच हो
CBI के वरिष्ठ अधिकारी से मिले अंकिता के परिजन
ऋषिकेश के पास 2022 में मृत पाई गई 19 वर्षीय अंकिता भंडारी के माता-पिता ने सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। सीबीआई एक होटल में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली अंकिता की हत्या के मामले में एक कथित 'वीआईपी' की भूमिका की जांच कर रही है।
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मामले के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी जानकारी साझा की। बयान में कहा गया है कि विशेष निदेशक मनोज शशिधर और संपत मीणा ने उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी।
