क्रिकेट

IND vs WI: टीम इंडिया ने जीत के साथ किया सीरीज का आगाज, कुलदीप और जडेजा ने झटके 7 विकेट

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jul 27, 2023, 11:24 PM IST

IND vs WI: भारत ने बारबडोस वनडे जीत लिया है। भारत के सामने जीत के लिए 115 रन का लक्ष्य था जो उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 29 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारत की तरफ से कुलदीप और जडेजा ने 7 विकेट झटके।

Image

भारत बनाम वेस्टइंडीज (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने 5 विकेट से जीता पहला वनडे
  • इशान किशन ने खेली अर्धशतकीय पारी
  • जडेजा और कुलदीप ने झटके 7 विकेट

टीम इंडिया ने 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है। बारबडोस में खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए टीम इंडिया के सामने केवल 115 रन का लक्ष्य था, जो उसने 22.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। भारत की तरफ से विजयी शॉट कप्तान रोहित शर्मा ने लगाया। भारत की तरफ से इशान किशन ने सर्वाधिक 52 रन की पारी खेली।

इससे पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। उनके इस फैसले को उनके गेंदबाजों ने एक दम सही साबित किया और वेस्टइंडीज की टीम को केवल 23 ओवर में 114 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से सर्वाधिक 43 रन की पारी कप्तान शाई होप ने खेली। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया।

7 बल्लेबाज नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा

वेस्टइंडीज की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। उनमें से दो तो खाता भी नहीं खोल पाए। चौथे विकेट के लिए एकमात्र 43 रन की साझेदारी शाई होप और दो साल बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे शिमरन हेटमायर के बीच हुई।

कुलदीप और जडेजा की शानदार गेंदबाजी

टीम इंडिया की शानदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने मिलकर वेस्टइंडीज के 7 खिलाड़ियों को आउट किया। कुलदीप यादव ने 3 ओवर में केवल 6 रन देकर 4 विकेट चटकाए वहीं रवींद्र जडेजा ने 6 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट झटके। इस मैच में टीम इंडिया 4 तेज गेंदबाज और 2 स्पिनर्स के साथ उतरी थी। इन दोनों के अलावा हार्दिक पांड्या, शार्दूल ठाकुर और डेब्यूटांट मुकेश कुमार ने 1-1 विकेट चटकाए।

29 जुलाई को होगा दूसरा मैच

3 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले चुकी टीम इंडिया अब 29 जुलाई को इसी मैदान में एक बार फिर उतरेगी, जहां उसकी कोशिश जीत दर्ज कर सीरीज जीतने की होगी।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article