नवी मुंबई: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 30 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर आई है। फॉर्म में चल रही टीम की सलामी बल्लेबाज बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले के दौरान चोटिल हो गईं। फील्डिंग करते हुए प्रतिका को ये चोट लगी। इसके बाद प्रतिका बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरीं। बांग्लादेश के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में जीत के लिए 120 रन के लक्ष्य का पीछा करने स्मृति मंधाना के साथ अमनजोत कौर उतरीं।
21वें ओवर में फील्डिंग करते हुए हुईं चोटिल
प्रतिका को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते हुए दाएं टखने में चोट लगी और उन्हें लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा। डीप मिडविकेट पर क्षेत्ररक्षण कर रही प्रतिका का 21वें ओवर की आखिरी गेंद पर दाहिना टखना मुड़ गया। ऐसा लग रहा था कि लगातार बारिश के कारण डीवाई पाटिल स्टेडियम के गीली आउटफील्ड में उनका पैर फंस गया। प्रतिका गेंद के करीब पहुंचीं लेकिन पैर फंसने के कारण वह मैदान पर गिर गईं और गेंद बाउंड्री पर चली गई। प्रतिका को जब चोट लगी और वो गिरीं तो उनकी ओर साथी खिलाड़ी और टीम का सपोर्ट स्टाफ दौड़ा। मैदानकर्मियों ने एक स्ट्रेचर भी मैदान पर पहुंचाया लेकिन इसकी जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि प्रतिका सपोर्ट स्टाफ की मदद से लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चली गईं।
बीसीसीआई ने जारी किया अपडेट
बीसीसीआई ने एक बयान जारी करके रावल के चोटिल होनी की पुष्टि करते हुए कहा, टीम इंडिया की ऑलराउंडर प्रतीका रावल को बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में क्षेत्ररक्षण करते समय घुटने और टखने में चोट लग गई। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है।
टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल बैटर
25 वर्षीय प्रतिका ने पहली बार विश्व कप में खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने उप कप्तान स्मृति मंधाना के साथ टीम को शानदार शुरुआत टूर्नामेंट में दिलाई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में प्रतिका ने 122 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी जिससे भारत सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहा था। प्रतिका टूर्नामेंट में 7 मैच की 6 पारी में 51.33 के औसत से 308 रन बना चुकी हैं। वो टूर्नामेंट में स्मृति मंधाना के बाद दूसरी सबसे सफल बल्लेबाज हैं।
चोट है कितनी गंभीर? बीसीसीआई के अपडेट के इंतजार
प्रतिका की चोट टीम इंडिया के लिए परेशानी का सबब है। चोट कितनी गंभीर है और वो टूर्नामेंट के नॉकआउट राउंड में खेल पाएंगी या नहीं इस बारे में बीसीसीआई या टीम मैनेजमेंट की ओर से अबतक कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
(भाषा इनपुट के साथ)
