क्रिकेट

राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप मैच के दौरान अचानक कोर्ट पर गिरे टेबल टेनिस खिलाड़ी, हो गई मौत

32वीं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दौरान कोर्ट पर मैच खेलते हुए अचानक गिर जाने से 65 साल के खिलाड़ी की मौत हो गई।

Image

टेबल टेनिस (iStock)

तमिलनाडु के आईएम लुइस राज की रविवार को यहां 32वीं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दौरान कोर्ट पर मैच खेलते हुए अचानक गिर जाने से मौत हो गई। राज 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग श्रेणी में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। वह महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित श्री शिव छत्रपति खेल परिसर में आंध्र प्रदेश के वीवी रमना के खिलाफ अपना तीसरे दौर का एकल मैच खेल रहे थे तभी यह घटना हुई। राज 2-0 की बढ़त बनाने के बाद तीसरे गेम में 5-4 से आगे चल रहे थे तभी दोपहर करीब 12.15 बजे वह अचानक गिर पड़े। स्थल पर तैनात पैरामेडिक्स ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और सीपीआर तथा ’चेस्ट कम्प्रेशन’ सहित आपातकालीन प्रक्रियाएं शुरू कीं।

टेबल टेनिस खेलते हुए कोर्ट पर गिरा खिलाड़ी

राज ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी इसलिए उन्हें कुछ ही मिनटों के भीतर पास के एक अस्पताल में ले जाया गया जो आयोजन स्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर था। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी मृत्यु का कारण दिल के दौरे को बताया गया है। उस समय तमिलनाडु से उनके साथी खिलाड़ी उनके साथ ही थे। उनके साथी खिलाड़ियों ने जल्द ही चेन्नई में उनके परिवार को इस बारे में सूचित कर दिया। बाद में हुए पोस्टमार्टम परीक्षण में मृत्यु का कारण दिल का दौरा पड़ने की पुष्टि हुई। उनके पार्थिव शरीर को चेन्नई ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।

पुणे जिला टेबल टेनिस संघ और महाराष्ट्र राज्य टेबल टेनिस संघ ने गहरा शोक व्यक्त किया और राज को एक समर्पित खिलाड़ी तथा मृदुभाषी व्यक्ति के रूप में याद किया जो खेल के मैदान में हमेशा सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखते थे। टीटीएफआई की अध्यक्ष मेघना अहलावत ने भी राष्ट्रीय संस्था की ओर से वेटरन्स समिति, तमिलनाडु टेबल टेनिस संघ और व्यापक टेबल टेनिस समुदाय के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस समुदाय के एक सम्मानित सदस्य के खोने पर शोक जताया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article