क्रिकेट

भारत ने बांग्लादेश टाइगर्स के जबड़े से छीनी जीत, विराट-अर्शदीप ने लिखी जीत की इबारत

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 2, 2022, 06:32 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को 5 रन के करीबी अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में एंट्री की तरफ एक कदम और बढ़ा दिए हैं।

Image

Indian-Cricket-team-vs-Bangladesh

एडिलेड: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने विराट कोहली की धमाकेदार बल्लेबाजी और अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मुकाबला 5 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम अंत तालिका में 6 अंक के साथ पहले पायदान पर पहुंच गई है। बारिश से प्रभावित मुकाबले में जीत के लिए बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन बनाने का लक्ष्य मिला था। आखिरी 6 गेंद में बांग्लादेश को जीत के लिए 20 रन बनाने थे। ऐसे में अर्शदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल 14 रन दिए और 5 रन के अंतर से टीम इंडिया को जीत दिला दी।

भारत ने दिया था जीत के लिए 185 रन का लक्ष्य

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के सामने विराट कोहली की नाबाद 64 और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 6 विकेट पर 184 रन का लक्ष्य किया था। जिसके बाद बांग्लादेश ने जीत के लिए 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की। लिट्टन दास ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए टीम को 7 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 66 रन तक पहुंचा दिया था। ऐसे में जब मैच दोबारा शुरू हुआ तो उसे घटाकर 16 ओवर का कर दिया गया और जीत के लिए बांग्लादेश का 151 रन का लक्ष्य दे दिया गया।

बांग्लादेश ने की धमाकेदार शुरुआत, बारिश के पलटा मैच

ब्रेक के बाद जब दोबारा मैच शुरू हुआ तो दूसरी ही गेंद पर लिट्टन दास रन आउट हो गए। राहुल के डायरेक्ट थ्रो ने उन्हें पवेलियन वापस भेज दिया। दास ने 27 गेंद में 60 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के जड़े। उनके आउट होते ही मैच का रुख भारत की तरफ झुक गया। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते जल्दी-जल्दी विकेट झटके और भारत को तीसरी जीत दिला दी।

खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत, फॉर्म में लौटे राहुल

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान रोहित शर्मा जल्दी आउट हो गए। ऐसे में केएल राहुल ने खराब फॉर्म से उबरते हुए तेज से रन बनाए और अपना अर्धशतक 31 गेंद में पूरा किया। वो अपने अर्धशतक को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और अगली ही गेंद पर 32 गेंद में 50 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। मुस्ताफिजूर रहमान ने शाकिब की गेंद पर उनका कैच लपका। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के बीच 67 रन की साझेदारी का अंत हो गया।

सूर्यकुमार ने खेली 30 रन की आतिशी पारी

राहुल के आउट होने के बाद एक बार फिर विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और दूसरे छोर से उन्हें सूर्यकुमार यादव का साथ मिला। तीसरे विकेट के लिये विराट ने सूर्यकुमार यादव के साथ 38 रन की साझेदारी की। आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले नंबर पर काबिज हुए यादव ने 15 गेंद में 30 रन बनाये। वो आज बड़ी पारी नहीं खेल पाए।

विराट ने जड़ा टूर्नामेंट में अपना तीसरा अर्धशतक

विराट कोहली ने 37 गेंद में टूर्नामेंट में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 तक पहुंचाया। विराट तीसरी बार टूर्नामेंट में नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए सबसे अच्छी गेंदबाजी हसन मसूद ने की उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं 2 विकेट शाकिब अल हसन ने अपने नाम किए। शाकिब ने सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल को अपना शिकार बनाया।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article