क्रिकेट

T20 world Cup: नीदरलैंड के खिलाफ भी जारी रहा बाबर आजम का फ्लॉप शो [VIDEO]

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 30, 2022, 03:32 PM IST

Babar Azam's Flop Show in T20 World Cup 2022: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के बल्ले की खामोशी रविवार को नीदरलैंड के खिलाफ भी जारी रही। इस बार वो वॉन डर मार्वे के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए।

Image

नीदरलैंड के खिलाफ रन आउट होते बाबर आजम( साभार ICC Screen Grab)

पर्थ: पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2022 में अबतक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का बल्ला भी अबतक टूर्नामेंट में खामोश रहा है। भारत और जिंबाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में हार के बाद पाकिस्तान के सिर पर सुपर-12 दौर में ही बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में रविवार को नीदरलैंड के खिलाफ जीत के इरादे से पाकिस्तानी टीम उतरी और शानदार गेंदबाजी करते हुए नीदरलैंड को 20 ओवर में 9 विकेट पर 91 रन का स्कोर खड़ा कर दिया।

सटीक थ्रो पर हुए रन आउट

जीत के लिए 92 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तान के लिए पारी का आगाज करने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी उतरी। दोनों ने टीम को तेज शरुआत देने की कोशिश की लेकिन फॉर्म से जूझ रहे कप्तान बाबर आजम का विश्व कप में फ्लॉप शो जारी रहा। नीदरलैंड के खिलाफ वो वॉन डर मार्वे के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। इस बार बाबर 5 गेंद में 4 रन बना सके।

भारत के खिलाफ नहीं खोल पाए थे खाता

भारत के खिलाफ बाबर पहली ही गेंद पर खाता खोले बगैर एलबीडब्लू हो गए थे। इसके बाद जिंबाब्वे के खिलाफ 4(9) रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। बल्ले की खामोशी का सिलसिला नीदरलैंड के खिलाफ भी जारी रहा और वो 4 रन के व्यक्तिगत स्कोर से आगे नहीं बढ़ सके।

तीन पारियों में बनाए हैं केवल 8 रन

टी20 विश्व कप 2021 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे बाबर अबतक खेले तीन मैच की तीन पारियों में 2.67 के औसत और 57 के स्ट्राइक रेट से केवल 8 रन बना सके हैं। पाकिस्तानी टीम की विश्व कप में बेहाली की अहम वजह बाबर का फॉर्म रहा है। उनकी वजह से ही टीम अच्छी शुरुआत करने में नाकाम हो रही है।

पिछले विश्व कप में बाबर का चला था सिक्का

पिछले साल यूएई में बाबर आजम ने 6 मैच की 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 60.60 के औसत और 126.25 के स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए थे। जिसमें 4 अर्धशतकीय पारियां शामिल थीं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 70 रन था। बाबर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ही पाकिस्तान की टीम पिछली बार सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल हुई थी।
End of Article