T20 World Cup 2026: अमेरिका के खिलाफ मुंबई में अपने अभियान की शुरुआत करेगी 'सूर्या की सेना', खिताब की है प्रबल दावेदार
- Edited by: नवीन चौहान
- Updated Feb 7, 2026, 09:16 AM IST
डिफेंडिग चैंपियन भारत अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका का खिलाफ करेगी। भारतीय टीम इस बार खिताब की प्रबल दावेदार है और उसके ऊपर घरेलू प्रशंसकों के सामने खिताबी जीत का दबाव भी रहेगा। जानिए भारत अमेरिका मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें।
भारत बनाम अमेरिका. मैच प्रीव्यू
मुंबई: सितारों से सजी भारतीय टीम टी20 विश्व कप में शनिवार को आत्मविश्वास से ओतप्रोत अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी तो खिताब बरकरार रखने वाली पहली टीम बनने का इरादा जेहन में और क्रिकेटप्रेमियों की अपेक्षाओं का बोझ कंधों पर रहेगा। टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम के दो मजबूत स्तंभ विराट कोहली और रोहित शर्मा भले ही इस प्रारूप से विदा ले चुके हों लेकिन भारतीय टीम अभी भी सबसे दमदार दावेदार है। भारत ने उसके बाद से नौ श्रृंखलायें जीती हैं जिनमें पिछले साल एशिया कप में मिली जीत शामिल है।
शानदार फॉर्म में हैं अभिषेक शर्मा और ईशान किशन
पिछले पूरे साल खराब फॉर्म से जूझते रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला भी अब खामोश नहीं है जिससे रही सही कसर भी पूरी हो गई। ईशान किशन ने विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर जबर्दस्त फॉर्म के साथ वापसी की है। ईशान और अभिषेक शर्मा की जोड़ी से भारतीय टीम को काफी उम्मीदें हैं चूंकि दोनों का प्रदर्शन अभी तक जबर्दस्त रहा है।
संतुलित है भारतीय टीम, खिताब की है प्रबल दावेदार
भारत की तुलना 2007 वनडे विश्व कप की ऑस्ट्रेलियाई टीम से की जा रही है हालांकि दोनों प्रारूप अलग है लेकिन सूर्यकुमार की टीम हर विभाग में परिपक्व और संतुलित दिख रही है । सूर्यकुमार का फॉर्म में लौटना, मध्यक्रम में तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या जैसा हरफनमौला, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे धुरंधरों की मौजूदगी बल्लेबाजी को मजबूत बनाती है। रिंकू सिंह जैसा फिनिशर भी भारत के पास है। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का कार्यभार प्रबंधन विश्व कप को देखते हुए बड़ी समझदारी के साथ किया गया है। उनके साथ अर्शदीप सिंह नयी गेंद संभालेंगे और हर्षित राणा भी टीम में मौजूद हैं। कुलदीप यादव और वरूण चक्रवर्ती के रूप में भारत के पास इस प्रारूप में दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं लेकिन असल चुनौती ओस की होगी। पहला टी20 विश्व कप 2007 में जीतने वाले पूर्व कप्तान एम एस धोनी ने इस ओर इशारा किया था। अंतिम समय में टीम में चोटिल हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज की एंट्री भी हो गई है।
अंतिम एकादश में नहीं मिलेगा सैमसन को मौका
भारतीय चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने हालात के अनुरूप काफी सोच समझकर टीम चुनी है जिसमें शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे दिग्गज नहीं हैं। संजू सैमसन को भी अंतिम एकादश में शायद ही जगह मिले।
अमेरिकी टीम में हैं तीन पूर्व मुंबईकर
सूर्यकुमार को अमेरिकी टीम में कई जाने माने चेहरे दिख जायेंगे । इसी मैदान पर कभी उन्होंने शुभम रंजने, हरमीत सिंह और सौरभ नेत्रवलकर के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था । पिच और हालात की जानकारी का तीनों ’मुंबईकर’ अमेरिेकी खिलाड़ियों को अतिरिक्त फायदा मिलेगा ।अमेरिका ने पिछली बार अपनी सह मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप में पूर्व चैम्पियन पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई थी और भारत को भी कड़ी चुनौती दी थी।
पिछले साल अच्छा रहा है अमेरिकी टीम का प्रदर्शन
अमेरिकी टीम ने पिछले साल नौ में से आठ मैच जीते हैं और टी20 विश्व कप से पहले श्रीलंका में तीन सप्ताह के शिविर में भाग लिया है। कप्तान मोनांक पटेल ने बल्लेबाजी में कमाल किया है और उन्हें साइतेजा मुक्कमल्ला तथा मिलिंद कुमार से पूरा सहयोग मिला। गेंदबाजी में नेत्रवलकर, हरमीत और रंजने अहम होंगे। दूसरे अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड को कड़ी चुनौती देने वाली अमेरिकी टीम सिर्फ सात रन से हारी थी।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
भारत की टीम :
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव,मोहम्मद सिराज,वरुण चक्रवर्ती।
अमेरिका की टीम:
मोनांक पटेल (कप्तान ), आंद्रिस गौस, साइतेजा एम, शायन जहांगीर, हरमीत सिंह, शेहान जयसूर्या, संजय कृष्णमूर्ति, मिलिंद कुमार, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने, शाडले वान शाकविक, अली खान, जसदीप सिंह, नोस्तुश केनिजे, सौरभ नेत्रवलकर ।
मैच का समय : शाम सात बजे से।
(भाषा)
