Suryakumar Yadav Catch: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को रोमांचक फाइनल में 7 रन के करीबी अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2024 का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में के दौरान अजेय रही। इस अंदाज में टी20 वर्ल्ड चैंपियन का खिताब जीतने वाले टीम इंडिया पहली टीम है।
अंतिम ओवर में जीत के लिए द. अफ्रीका को बनाने थे 16 रन
जीत के लिए 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 19 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 161 रन बना लिए थे। 16 गेंद में 21 रन बनाकर किलर मिलर के नाम से मशहूर डेविड मिलर स्ट्राइक पर थे। जीत के लिए 6 गेंद में अफ्रीकी टीम को 16 रन और बनाने थे। ऐसे में रोहित शर्मा ने गेंद उपकप्तान हार्दिक पांड्या के हाथों में थमाई।
सूर्या ने पकड़ा अविश्वसनीय कैच
हार्दिक पांड्या ने ओवर की शुरुआत ऑफ साइड पर फुलटॉस गेंद के साथ की जिसपर मिलर ने लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेला जहां बाउंड्री पर तैनात सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री लाइन पर भागते हुए शानदार ढंग से कैच लपक लिया। कैस इतना करीबी था कि हर फील्ड अंपायर को अंतिम फैसला करने के लिए तीसरे अंपायर का सहारा लेना पड़ा। सूर्या का पैर बाउंड्री के इतने करीब था कि एक छोटी सी भूल मैच का रुख पलट देती और एक शानदार कोशिश ने मिलर की पारी का अंत कर दिया। सूर्या 3(4) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में उन्होंने भरपाई अपने अविश्वसनीय कैच से कर दी। इस कैच के बल पर ही टीम इंडिया अफ्रीकी शेरों के मुंह से वर्ल्ड कप की ट्रॉफी छीनने में सफल हुई।
