शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की।उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक वोटों की चोरी करने की कोशिश है और इससे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा होगा।ठाकरे ने स्टालिन पर तमिलनाडु के साथ धोखा करने का भी आरोप लगाया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की ओर से भी भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के इस अहम विधायी प्रस्ताव का कथित तौर पर समर्थन किए जाने पर ठाकरे ने शरद पवार पर 'महाराष्ट्र के साथ धोखा करने' का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी को ’दो नावों पर सवार’ नहीं होना चाहिए।
ठाकरे ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अगर सरकार महिला आरक्षण विधेयक को परिसीमन विधेयक से अलग करती है, तो शिवसेना (उबाठा) उसका समर्थन करेगी। परिसीमन विधेयक का विरोध करते हुए ठाकरे ने आरोप लगाया कि यह वोटों की चोरी करने की कोशिश है।उन्होंने कहा कि अब लोकसभा क्षेत्रों का गठन इस तरह किया जाएगा, जिससे केवल सत्तारूढ़ भाजपा को फायदा होगा।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: राहुल का गले मिलना भी नहीं आया काम, स्टालिन बोले- परिसीमन बिल के समर्थन के अलावा कोई ऑप्शन ही नहीं...
'आप दो नावों पर सवार नहीं हो सकते'
ठाकरे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को परिसीमन आयोग का सदस्य बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई और इसे एक दिखावा बताया।विपक्ष मौजूदा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहा है।राकांपा (शप) की ओर से विधेयक का कथित तौर पर समर्थन किए जाने के बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा, 'आप दो नावों पर सवार नहीं हो सकते।'
उन्होंने कहा, 'मुझे इस बात की ज्यादा चिंता है कि भारत और महाराष्ट्र के हित में क्या है, न कि शरद पवार क्या सोचते हैं। पवार साहब हों या कोई और, अगर वे परिसीमन विधेयक की बुनियादी बातों को नहीं समझते, तो यह महाराष्ट्र के साथ धोखा है।'यह पूछे जाने पर कि क्या वह प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ वोट देने के लिए शरद पवार को मनाने के प्रयास के तहत उनसे मुलाकात करेंगे, तो ठाकरे ने कहा कि उनके बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे राकांपा (शप) प्रमुख से मुलाकात करेंगे।
ठाकरे ने कहा कि उन्हें पवार से बातचीत करने में कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि राकांपा (शप) अब भी महा विकास आघाडी का हिस्सा है।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं का एक शीर्ष प्रतिनिधिमंडल भी शाम को मुंबई के एक अस्पताल में इलाज करा रहे शरद पवार से मिलने वाला है।
'परिसीमन वोटों की चोरी की कोशिश है'
ठाकरे ने कहा, 'परिसीमन वोटों की चोरी की कोशिश है। मैं इस विधेयक का समर्थन कर सकता था, लेकिन मैंने अपनी पार्टी के हितों से ऊपर महाराष्ट्र और भारत के हितों को रखा।'उन्होंने कहा कि हालांकि विधेयक में लोकसभा की सीट बढ़ाने का प्रस्ताव है, लेकिन इसके बाद 'उत्तर भारत के राज्यों और देश के बाकी हिस्सों के बीच लोकसभा सीटों का अंतर कई गुना बढ़ जाएगा।'ठाकरे ने कहा कि फिलहाल महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच लोकसभा सीटों का अंतर 32 है, लेकिन परिसीमन के बाद यह बढ़कर 48 हो जाएगा।
उन्होंने इसे महाराष्ट्र के हितों के लिए नुकसानदायक बताया
उन्होंने इसे महाराष्ट्र के हितों के लिए नुकसानदायक बताया।उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के बीच लोकसभा सीटों का अंतर भी 41 से बढ़कर 61 हो जाएगा।ठाकरे ने द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन से परिसीमन विधेयक पर अपने रुख पर दोबारा विचार करने की अपील की।उन्होंने आरोप लगाया, 'स्टालिन तमिलनाडु के साथ धोखा कर रहे हैं।'ठाकरे ने ऐसे समय में स्टालिन पर हमला बोला है, जब 22 लोकसभा और आठ राज्यसभा सदस्यों वाली द्रमुक ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का एलान किया है।
