क्रिकेट

आयरलैंड के खिलाफ क्यों हारी टीम इंडिया, पूर्व विकेटकीपर ने बताया कहां हुई गलती

आयरलैंड के खिलाफ पहली बार टीम इंडिया को किसी भी फॉर्मेट में हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में सबको उम्मीद थी कि 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका मिलेगा. लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।

Image

भारतीय टीम (साभार-X)

भारत के पूर्व विकेटकीपर सैयद किरमानी का मानना है कि आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं करके चयनकर्ताओं ने एक मौका गंवा दिया। उनका कहना है कि अब बुधवार से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सफेद गेंद की श्रृंखला में उन्हें मौका दिया जाना चाहिए। उम्मीदों के विपरीत सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सीनियर भारतीय टीम के लिए पदार्पण नहीं कराया गया। इस सीरीज में भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।

अब सबकी नजरें इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज पर लगी हैं जो चेस्टर-ले-स्ट्रीट में शुरू होगी। भारत के पूर्व विकेटकीपर और 1983 विश्व कप विजेता सैयद किरमानी ने बेलफास्ट में 15 साल के इस खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं करने के फैसले को गलत निर्णय बताया और कहा कि टीम प्रबंधन को इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें मौका देना चाहिए। किरमानी ने कहा, ’’सच कहूं तो आयरलैंड के खिलाफ उसे नहीं खिलाना एक गलती थी। आयरलैंड के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच हारने के बाद दूसरे मैच में उसे नहीं देखकर मुझे सचमुच हैरानी हुई। और हम सबने देखा कि क्या हुआ। उसे पूरे मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में बिठाए रखने के बजाय भारतीय अंतिम एकादश में शामिल करने के लिए हमें ज्यादा दृढ़ता दिखानी चाहिए। ’’

किरमानी ने कहा, ’’वह एक बेहतरीन प्रतिभा है। वह दर्शकों का मनोरंजन करने वाला खिलाड़ी है। ’’ भारत के पूर्व स्पिनर मनिंदर सिंह ने कहा कि सूर्यवंशी अंतिम एकादश में जगह पाने के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि इस युवा बल्लेबाज को टीम में चुना जाना चाहिए, चाहे उन्हें बल्लेबाजी क्रम में किसी भी नंबर पर भेजा जाए।

उन्होंने कहा, ’’आपको सूर्यवंशी के लिए जगह बनानी होगी। चाहे पारी का आगाज करने में या तीसरे या चौथे नंबर पर, आप उसे कहीं भी बल्लेबाजी कराएं। वह वैसे ही बल्लेबाजी करेगा जैसे वह जानता है। उसे (आयरलैंड के खिलाफ) टीम में होना चाहिए था। अगर आपके पास सूर्यवंशी जैसा आक्रामक बल्लेबाज है तो आपको उसे कहीं न कहीं शामिल करना ही होगा। ’’

हालांकि पूर्व चयनकर्ता और विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम ने कहा कि सीरीज में सूर्यवंशी का समय जरूर आएगा। उन्होंने कहा, ’’भारतीय थिंक-टैंक के पास उसके पदार्पण के लिए जरूर कोई योजना होगी। मुझे नहीं लगता कि उसे (आयरलैंड के खिलाफ) नहीं खिलाना कोई गलती थी। मुझे यकीन है कि हम जल्द ही उसका पदार्पण देखेंगे।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article