Suryakumar Yadav Interview: आखिरी ओवर तक चले एशिया कप फाइनल के रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार एशिया कप जीत लिया। भारत के सामने जीत के लिए 147 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने तिलक वर्मा की नाबाद 69 रन की पारी के दम पर 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में विजयी शॉट रिंकू सिंह ने लगाए और टीम इंडिया को 9वीं बार चैंपियन बना दिया। हालांकि, टीम इंडिया ने एसीसी चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली और बिना ट्रॉफी के इस जीत को सेलिब्रेट किया। जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टाइम्सनाऊ से एक्सक्लूसिव बातचीत की और इस खास पल के अनुभव को शेयर किया है। उन्होंने इस बातचीत में ट्रॉफी न मिलने से लेकर पीएम मोदी के उत्साह बढ़ाने वाले संदेश पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भारतीय फैंस और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी पर भी खुलकर बात की है।
सूर्या ने ट्रॉफी न मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी टीम ने ट्रॉफी लेने से इनकार किया हो, लेकिन मैंने पहले ही कहा है कि हमारे लिए हमारी टीम अहम है। हमारे लिए हमारी रियल ट्रॉफी वो हैं जो ड्रेसिंग रूम में हमारे साथ थे। हमारे खिलाड़ी, हमारे सपोर्ट स्टाफ हमारे लिए रियल ट्रॉफी हैं, जो हमने जीते हैं।
पीएम मोदी के जीत के संदेश पर सूर्या ने कहा कि हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी भी फ्रंटफुट पर क्रिकेट खेल रहे हैं, यह देखकर अच्छा लग रहा है। जब हमारे साथ ऐसे मजबूत प्रधानमंत्री हो हमें बस कूल माइंड के साथ गेम खेलना होता है। मुझे लगा कि जब आम लोग किसी न किसी तरह से आर्म फोर्सेस की मदद कर रहे हैं तो हमने भी अपनी तरफ से एक छोटा सा योगदान दिया।
सूर्या ने की तिलक की तारीफ
सूर्या ने तिलक की तारीफ करते हुए उन्हें लंबी रेस का घोड़ा बताया। उन्होंने तिलक के साउथ अफ्रीका में बनाए गए बैक टू बैक हंड्रेड को याद करते हुए उनकी जमकर तारीफ की। तिलक के अलावा उन्होंने बाकी खिलाड़ियों की भी तारीफ की और कहा कि सभी 20-25 साल के हैं, लेकिन उन्होंने साहसिक खेल का प्रदर्शन किया है।
पाकिस्तान टीम के साथ राइवलरी पर सूर्या
राइवलरी पर सूर्या ने कहा कि हमें अपने खिलाड़ियों की क्षमता पर पूरा भरोसा है और हमने उसी पर बात की है। इस टूर्नामेंट में हमारा फोकस केवल क्रिकेट पर था और इसलिए हम विजेता के तौर पर खड़े हैं। भारतीय फैंस को संदेश देते हुए सूर्या ने कहा वर्ल्ड कप से पहले कई टी20 मुकाबले खेले जाएंगे और हम ऐसे ही अपना प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे।
