IND vs USA: सूर्यकुमार यादव ने पहले ही दिन तोड़ दिया बाबर आजम का टी20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड
- Authored by: समीर कुमार ठाकुर
- Updated Feb 7, 2026, 09:47 PM IST
IND vs USA: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप के पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान के बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाबर ने भारत के खिलाफ 5 साल पहले यह रिकॉर्ड बनाया था, जिसे सूर्या ने तोड़ दिया। वह 84 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे।
सूर्यकुमार यादव (साभार-X)
IND vs USA: भारत ने यूएसए के खिलाफ टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव की 84 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले के भीतर अपने टॉप 4 बल्लेबाज गंवा दिए थे। एक वक्त टीम इंडिया 77 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन उसके बाद सूर्या ने कप्तानी पारी खेली और टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
सूर्यकुमार ने 49 गेंद की पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़े और नाबाद 84 रन की पारी खेली। उनके अलावा केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके जिसमें तिलक वर्मा ने 25 रन और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया। अमेरिका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने 25 रन देकर चार विकेट झटके जबकि हरमीत सिंह को दो विकेट मिले। अली खान और मोहम्मद मोहसिन ने एक एक विकेट लिया।
सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा बाबर आजम का रिकॉर्ड
बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला खेल रहे थे। इस पारी के दम पर उन्होंने पाकिस्तान के प्राइम बैटर और पूर्व कप्तान बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कप्तान के तौर पर अपने पहले मुकाबले में बाबर ने साल 2021 में भारत के खिलाफ नाबाद 68 रन की पारी खेली थी। सूर्या बतौर कप्तान वर्ल्ड कप डेब्यू पर अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए।
डेब्यू में कप्तान की सबसे बड़ी पारी
- 88 क्रिस गेल बनाम ऑस्ट्रेलिया, द ओवल 2009
- 84* सूर्यकुमार यादव बनाम अमेरिका, वानखेड़े 2026
- 68* बाबर आजम बनाम भारत, दुबई 2021
- 65 महेला जयवर्धने बनाम कनाडा, जोहान्सबर्ग 2007
- 61 मोहम्मद अशरफुल बनाम पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया, जोहान्सबर्ग 2007
कप्तान के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 88 रन की पारी खेली थी।
