क्रिकेट

WTC Final: कोहली के इस शॉट पर जमकर बरसे सुनील गावस्कर, कह दी यह बड़ी बात

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Jun 11, 2023, 08:21 PM IST

WTC Final, Sunil Gavaskar vs Virat Kohli: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियन के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन के विशाल स्कोर से मात दी। 444 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम दूसरी पारी 234 रन पर ऑलआउट हो गई। इस दौरान विराट कोहली खराब शॉट खेलकर अर्धशतक से चूक गए। इस शॉट को लेकर कोहली पर भारत के दिग्गज सुनील गावस्कर जमकर बरसे।

Image

विराट कोहली।

Photo : AP

WTC 2023 Final, Sunil Gavaskar vs Virat Kohli: लंदन के द ओवल मैदान पर खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा। इस बार टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन के विशाल स्कोर से हराया। मैच के अंतिम दिन भारतीय टीम 444 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 15 रन के अंदर टीम को दो बड़े झटके लगे। विराट कोहली 49 रन पर आउट हो गए, जबकि रवींद्र जडेजा खाता तक नहीं खोल पाए। कोहली स्कॉट बॉलैंड की गेंद को खेलना चाहे, लेकिन स्टीव स्मिथ ने छलांग लगाकर शानदार कैच लपक लिया। वे अपने अर्धशतक से चूक गए और मैच से भी हाथ धो बैठे। उनके इस खराब शॉट को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज सुनील गावस्कर कोहली पर जमकर बरसे।

आखिरी दिन शर्मनाक प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में आसानी से घुटने टेकने वाली भारतीय टीम पर बरसते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि बल्लेबाजी शर्मनाक थी। आगे उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी बहुत ही खराब रही। आखिरी दिन तो बिल्कुल शर्मनाक प्रदर्शन था। खासकर शॉट्स का चयन। चेतेश्वर पुजारा ने कल बेहद खराब शॉट खेले, जबकि उससे इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि शायद कोई उसके दिमाग में घुसकर स्ट्राइक रेट, स्ट्राइक रेट चिल्ला रहा होगा। एक सत्र भी आप नहीं खेल सके। एक सत्र में आठ विकेट।’

शॉट को लेकर कोहली से होने चाहिए सवाल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरी पारी में 49 रन पर आउट होने वाले विराट कोहली के विकेट के बारे में गावस्कर ने कहा,‘यह बहुत ही औसत शॉट था। ऑफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद वह तब तक छोड़ रहा था। शायद उसे लगा कि अर्धशतक पूरा करने के लिए एक रन चाहिए। जब आप किसी उपलब्धि के करीब होते हैं तो ऐसा होता है।’ उन्होंने कहा,‘रवींद्र जडेजा के साथ भी हुआ। उसने ऐसी गेंद खेली जो उसे नहीं खेलनी चाहिए थी। रहाणे के साथ भी ऐसा हुआ। अचानक सभी को ऐसे शॉट खेलने की क्या जरूरत थी, क्योंकि उन्हें निजी उपलब्धि के बारे में पता था।’ कोहली के शॉट चयन की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा,‘यह खराब शॉट था। कोहली से इसके बारे में पूछा जाना चाहिए। वह इतना बोलता रहता है कि मैच जीतने के लिए लंबी पारी की जरूरत होती है। आप कैसे लंबी पारी खेलेंगे, जब आफ स्टम्प से इतनी बाहर जाती गेंद खेलोगे।’

अर्धशतक से चूक गए थे कोहली

मैच के चौथे दिन अच्छी शुरुआत करने वाले विराट कोहली अंतिम दिन सिर्फ पांच रन जोड़ सके। विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में 14 रन पर आउट हो गए, जबकि दूसरी पारी में उनका बल्ला जमकर चला। उन्होंने 62.82 की स्ट्राइक रेट से 78 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 49 रन बनाए और अपने टेस्ट करियर के 29वें अर्धशतक से चूक गए।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article