क्रिकेट

सुनील गावस्कर ने विराट कोहली के बार-बार एक ही तरह आउट होने पर जताई चिंता, बताया-क्यों हो रहा है ऐसा

सुनील गावस्कर ने विराट कोहली के बार-बार एक ही तरह से विकेट गंवाने पर चिंता जताई है और उनके साथ ऐसा होने की वजह बताई है।

Image

विराट कोहली

Photo : AP

नई दिल्ली: अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है विराट कोहली का लगातार एक ही तरह से आउट होना भारत के लिए चिंता का विषय है जो 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतने की कवायद में लगा है। ऑस्ट्रेलिया दौरे में 36 वर्षीय कोहली तेज गेंदबाजों की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों पर आउट हुए। वह चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 22 रन बनाकर आउट हो गए थे। वनडे में कोहली को लगातार छह बार स्पिन गेंदबाजों ने आउट किया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ हाल में वनडे श्रृंखला के दौरान लेग स्पिनर आदिल राशिद के सामने संघर्ष करते हुए नजर आए थे।

बल्ले का फेस खुले रहने की वजह से होता है ऐसा

गावस्कर ने इंडिया टुडे से कहा,'यह काफी हद तक इस वजह से है कि उनके बल्ले का फेस खुला रहता है। ऑस्ट्रेलिया में जब वह तेज गेंदबाजों का सामना कर रहे थे तब भी ऐसा हो रहा था। उनके बल्ले का फेस खुला रहता है और वह कवर में खेलने का प्रयास करते हैं। बल्ले का फेस खुला होने के कारण वह परेशानी में पड़ रहे हैं। उन्हें इस पर ध्यान देने की जरूरत है।'

रिशाद हुसैन का बांग्लादेश के खिलाफ बने थे शिकार

कोहली बांग्लादेश के खिलाफ कलाई के स्पिनर रिशाद हुसैन की गेंद को कट करने के प्रयास में बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच दे बैठे थे। गावस्कर ने कहा,'रिशाद की टर्न लेती गेंद पर भी उनके बल्ले का फेस खुल गया था। उन्हें इस पर लगाम कसनी होगी। लेकिन अगर वह लगातार एक ही तरह की गेंदबाजी पर आउट हो रहे हैं तो यह थोड़ा चिंता का विषय है।'

रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं विराट

कोहली ने वनडे विश्व कप 2023 में 11 मैच में 765 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद वह इस प्रारूप में रन बनाने के लिए जूझते रहे हैं। उन्होंने इसके बाद वनडे में छह पारियों में 22.83 की औसत से केवल 137 रन बनाए हैं जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। टेस्ट क्रिकेट में भी 2024 से वह 11 मैच में केवल 440 रन बना पाए हैं। भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में अपना अगला मैच रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article