स्पोर्ट्स

हॉकी वर्ल्ड कप में निराशा, इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराया-अब पाकिस्तान से होगा करो या मरो की टक्कर

हॉकी वर्ल्ड कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में बढ़त के बावजूद टीम इंडिया पिछड़ गई और इंग्लैंड ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार ने भारतक के आगे की राह मुश्किल कर दी है।

Image

भारत और इंग्लैंड (साभार-X)

भारतीय हॉकी टीम को अपने दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। सोमवार को खेले गए पुरुष हॉकी विश्व कप के पूल डी के दूसरे मैच में बढ़त बनाने के बावजूद दूसरे हाफ में तीन गोल गंवाने के कारण इंग्लैंड के हाथों 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड की ओर से निकोलस बैंडुराक ने 13वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई लेकिन भारत ने शानदार वापसी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (16वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (24वें मिनट) के गोल से 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम जीत के सिलसिले को यहां भी जारी रखेगी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया और आखिरी वक्त में गोल खाने की कमजोरी का खामियाजा एकबार फिर भुगतना पड़ा।

इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में दबदबा बनाते हुए तीसरे क्वार्टर में स्टुअर्ट रशमेयर (38वें मिनट) और हेनरी क्रॉफ्ट (42वें मिनट) के गोल से स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद बैंडुराक ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके इंग्लैंड को 4-2 से बढ़त दिलाई जो निर्णायक साबित हुई।

मुश्किल हुई आगे की राह

दो मैच में तीन अंक हासिल कर चुका भारत अब बुधवार को अपने अंतिम पूल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ जीत या ड्रॉ करके दूसरे दौर में जगह बनाने की कोशिश करेगा। पाकिस्तान के दो मैच में एक अंक है। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ हार भारत को टूर्नामेंट से बाहर कर देगी। भारत ने शनिवार को अपने अभियान की शुरुआत वेल्स को 3-1 से हराकर की थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article