स्पोर्ट्स

पाकिस्तान के खिलाफ किस रणनीति से उतरेगी टीम इंडिया, कोच फुल्टन ने बनाई खास योजना

इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ गई। मैच के बाद उन्होंने कहा, ’’पहला हाफ अच्छा था। हमें जवाबी हमलों पर पेनल्टी कॉर्नर मिले और हमने बेहतर नियंत्रण के साथ अच्छी वापसी की।

Image

क्रेग फुल्टन (साभार-X)

इंग्लैंड के खिलाफ हार ने भारतीय हॉकी टीम के आगे की राह मुश्किल कर दी है। अब अगर भारत को नॉकआउट राउंड में पहुंचना है तो उसे बुधवार को होने वाले मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस मुकाबले से पहले टीम के कोच क्रेग फुल्टन ने टीम की रणनीतियों पर बात की है। इतना ही नहीं उन्होंने माना कि इंग्लैंड के खिलाफ टीम से चूक हुई है। मैच के बाद उन्होंने कहा कि तीसरे क्वार्टर में टीम की रक्षात्मक चूक भारी पड़ी। मैच के बाद उन्होंने कहा, ’’पहला हाफ अच्छा था। हमें जवाबी हमलों पर पेनल्टी कॉर्नर मिले और हमने बेहतर नियंत्रण के साथ अच्छी वापसी की। तीसरे क्वार्टर में हमारा डिफेंस उतना अच्छा नहीं था जितना होना चाहिए था।’’

पाकिस्तान के खिलाफ सुधारनी होगी गलती

भारत को अपना अगला मुकाबला बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले से पहले उन्होंने कहा 'पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अंतिम पूल मैच से पहले जल्दी से अपनी गलतियों से उबरना होगा क्योंकि इस मुकाबले में हार की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा, ’’अगर हम आज जीत भी जाते तब भी हमें अगले मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होता। अंतिम मुकाबले में हमें गेंद पर बेहतर नियंत्रण रखना होगा और थोड़ा संयम दिखाना होगा। हमें उन पर दबाव डालना होगा।’’

फुल्टन ने कहा, ’’फॉरवर्ड लाइन ने अच्छा खेला लेकिन हमें तीन या उससे अधिक गोल करने की जरूरत थी और हम केवल दो ही कर सके। यह सिर्फ दूसरा मैच है और हम इस हार से सीखेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ हमारे पास एक और बड़ा मौका है और खिलाड़ी इसके लिए प्रेरित हैं।’’ भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल मनप्रीत सिंह ने भी रक्षात्मक चूकों पर निराशा जताई और पाकिस्तान के खिलाफ अधिक अनुशासन के साथ खेलने की जरूरत पर जोर दिया।

मनप्रीत ने कहा, ’’हम तीसरे क्वार्टर तक बहुत अच्छा खेल रहे थे, लेकिन आखिरी क्वार्टर में कुछ रक्षात्मक चूक हुईं, जो हमें भारी पड़ीं। कुल मिलाकर प्रदर्शन अच्छा था, लेकिन शीर्ष टीमों के खिलाफ हमारा डिफेंस बहुत मजबूत होनी चाहिए और हमें अपने मौकों को भी गोल में बदलना होगा।’’ भारत ने पेनल्टी कॉर्नर पर अलग-अलग रणनीतियां आजमाईं लेकिन इंग्लैंड की रक्षा पंक्ति ने मजबूती से उनका सामना किया।

मनप्रीत ने कहा, ’’हम पेनल्टी कॉर्नर पर अलग-अलग रणनीतियां आजमा रहे थे, लेकिन उन्होंने अच्छी तरह बचाव किया। हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। पाकिस्तान के पास भी अच्छे पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ हैं, इसलिए हमें उनके खिलाफ पीसी नहीं गंवाने होंगे। आगामी मैचों में हमें अधिक पीसी हासिल करने होंगे।’’ मनप्रीत ने कहा कि भारत ने तय रणनीति के अनुसार खेला और अंतिम क्षण तक मौके बनाता रहा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article