Stuart Broad Retirement: इंग्लैंड क्रिकेट इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट के तीसरे दिन के खेल की समाप्ति के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। ब्रॉड ने कहा है कि ओवल टेस्ट उनके करियर का आखिरी टेस्ट होगा। सारी दुनिया की नजरें 41 वर्षीय जेम्स एंडरसन के संन्यास के ऐलान पर टिकी थीं लेकिन स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने फैसले से सबको हैरान कर दिया।
ओवल टेस्ट होगा करियर का आखिरी मुकाबला
ओवर टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के बाद ब्रॉड ने कहा कि वो एशेज सीरीज के मौजूदा टेस्ट के बाद रिटायर हो जाएंगे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान किया है। जेम्स एंडरसन के बाद इंग्लैंड के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज ब्रॉड का नाम 600 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के धाकड़ गेंदबाजों में शुमार है। 37 वर्षीय ब्रॉड ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पांचवें गेंदबाज हैं। उनके अलावा मुथैया मुरलीधरन, शेन वॉर्न, अनिल कुंबले, जेम्स एंडरसन ही इस मुकाम पर पहुंच सके हैं। उन्होंने ये उपलब्धि मौजूदा एशेज सीरीज के दौरान ही हासिल की।
ऐसा रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर
ब्रॉड ने अपने करियर में इंग्लैंड के लिए 167 टेस्ट, 121 वनडे और 56 टी20 मैच खेले। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 602 विकेट सहित कुल 845 विकेट चटकाए। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट में 3647 रन भी बनाए। जिसमें एक शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4294 रन का बल्ले से भी योगदान दिया।
युवराज ने जड़े थे ब्रॉड के ओवर में छह छक्के
स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम अंतरराष्ट्रीय टी20 का एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज है। 2007 के टी20 विश्व कप के दौरान युवराज सिंह ने उनके ओवर में छह छक्के जड़ने का कारनामा किया था। वो रिकॉर्ड तब से लेकर आज तक कायम है।
