क्रिकेट

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्मिथ ने एशेज से पहले दी इंग्लैंड टीम को दी बड़ी चेतावनी

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच में पिच को लेकर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को चेतावनी दी है। एशेज से पहले ही जुबानी जंग शुरू हो गई है और इस बार इसका बीड़ा उठाया है स्मिथ ने जिन्होंने पिच को लेकर इंग्लैंड टीम को चेतावनी दी है।

Image

स्टीव स्मिथ (साभार-ICC)

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कहा है कि इंग्लैंड के बल्लेबाज भले ही घरेलू मैदान पर काफी सपाट पिचों पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इस साल के अंत में होने वाली एशेज श्रृंखला में बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम को अलग तरह की चुनौती का सामना करना होगा। भारत-इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट श्रृंखला में विकेट बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रहे हैं और स्मिथ का मानना है कि इंग्लैंड के बल्लेबाजों को इस तरह की पिचों पर खेलने का अधिक आदी नहीं होना चाहिए।

मौजूद श्रृंखला में दोनों टीमें कम से कम एक बार एक पारी में 500 से अधिक रन बनाने में सफल रही हैं और उन्होंने लगातार 400 से अधिक रन बनाए हैं।

बीबीसी स्पोर्ट ने स्मिथ के हवाले से कहा, ‘‘उनके (इंग्लैंड के) बल्लेबाज पिछले कुछ समय से सपाट और बल्लेबाजी के लिए अनुकूल विकेटों पर खेल रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया में उन्हें अलग तरह की चुनौती का सामना करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन-चार वर्षों में ऑस्ट्रेलिया के विकेट शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ों के लिए काफ़ी मुश्किल रहे हैं। यह उनके लिए एक अच्छी चुनौती होगी। लेकिन यह एक शानदार श्रृंखला होगी।’’ एशेज की तैयारी के तहत स्मिथ इंग्लैंड और भारत के बीच होने वाले मुकाबले पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारत और इंग्लैंड की श्रृंखला देख रहा हूं जिसमें बहुत अच्छी क्रिकेट खेली गई है, इसलिए मुझे लगता है कि इस साल एशेज श्रृंखला बहुत शानदार होने वाली है।‘‘ ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला खेल रही है, लेकिन स्मिथ इंग्लैंड में हैं जहां वह आगामी हंड्रेड टूर्नामेंट में वेल्श फायर की कप्तानी करेंगे।

उन्होंने इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था लेकिन 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में खेलने के लिए वह सबसे छोटे प्रारूप में बने रहना चाहते हैं। स्मिथ ने कहा, ‘‘मेरा लक्ष्य ओलंपिक के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में जगह बनाना है और इसलिए मैंने वनडे क्रिकेट से संन्यास लिया ताकि मैं फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अधिक खेल सकूं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article