क्रिकेट

MLC में शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल में वापसी पर है कंगारू दिग्गज की नजर, पिछले दो सीजन में नहीं मिला खरीदार

मेजर लीग क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्टीव स्मिथ की नजर आईपीएल में वापसी पर हैं।

Image

स्टीव स्मिथ (साभार MLC)

KEY HIGHLIGHTS
  • स्टीव स्मिथ की है आईपीएल में वापसी पर नजर
  • मेजर लीग क्रिकेट में मचाया धमाल
  • कप्तानी में टीम को बनाया चैंपियन और बल्ले से मचाया धमाल

सिडनी: मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में अपने दमदार प्रदर्शन से उत्साहित ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी की उम्मीद है। इस 35 साल के खिलाड़ी को टी20 विश्व कप के बाद स्कॉटलैंड एवं इंग्लैंड के आगामी दौरे के लिए नजरअंदाज कर दिया गया है। अमेरिका में खेले जाने वाले एमएलसी में उनके शानदार प्रदर्शन से वाशिंगटन फ्रीडम पहली बार लीग का चैंपियन बना। वह लीग के बीते सत्र में 49.00 की औसत और 154.74 के स्ट्राइक रेट से 294 रन बना कर अपनी टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।

फाइनल में चुने गए प्लेयर ऑफ द मैच

वह इस दौरान फाइनल में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न के खिलाफ फाइनल में 52 गेंदों में 88 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गये। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न की टीम में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रउफ जैसे अंतरराष्ट्रीय दिग्गज थे। स्मिथ ने 'फॉक्स क्रिकेट' से कहा,'मैं निश्चित रूप से आईपीएल में एक और मौका चाहूंगा। मैं अपना नाम इसमें (खिलाड़ियों की नीलामी) शामिल करूंगा । देखते है कि मुझे आगे बढ़ने का किस तरह से मौका मिलता है। मुझे हाल में टी20 क्रिकेट और फ्रेंचाइजी में जो भी मौके मिले हैं, मैंने काफी अच्छा खेला है। ऐसे में मैं आईपीएल में अपना नाम शामिल कर इसका लुत्फ उठाना चाहूंगा।'

आईपीएल में धमाकेदार वापसी पर है स्मिथ की नजर

स्मिथ के नाम पर पिछली दो नीलामी में बोली नहीं लगी थी ऐसे में वह 2021 से आईपीएल का हिस्सा नहीं है। खेल के सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम से नजरअंदाज किये जाने वाले इस खिलाड़ी ने कहा कि वह किसी और चीज की चिंता किये बिना अपने खेल पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा,'अंतरराष्ट्रीय टी20 की बात करूं तो मुझे नहीं पता वहां (चयनकर्ता के बीच) क्या चल रहा है। उनके पास कुछ विकल्प है और वे उसे आजमाना चाहते है। मुझे इससे कोई शिकायत नहीं है। मैं समझता हूं कि वे विश्व कप को ध्यान में रख कर ऐसे खिलाड़ियों को तरजीह दे रहे हैं जो सहजता से बड़े शॉट लगा सकें। मैं इन चीजों से परेशान नहीं हूं। मैं बस अपना काम करता रहूंगा, खुद में सुधार करने और बेहतर होने का प्रयास करता रहूंगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article