Attack on Tiger Shroff: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमला मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। टाइगर श्रॉफ पर हमले के संदिग्धों में से एक को नाबालिग बताया जा रहा है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम कोटा पहुंच चुकी है। संदिग्धों को कुछ ही देर में कोटा की कोर्ट में पेश किया जायेगा। मुंबई क्राइम ब्रांच की तरफ से आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी।
जानकारी के अनुसार कोटा पुलिस ने संदिग्धों को मुंबई-हिसार दुरंतो एक्सप्रेस से हिरासत में लिया है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और राजस्थान पुलिस ने तीनों को पकड़ा है, जिसमें से एक महाराष्ट्र का और दो हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने तीनों संदिग्धों की जो पहचान बताई है, उसके अनुसार -
- ऋतिक कुमार उर्फ रोशन पुत्र रामू महतो, उम्र 22 साल, निवासी ग्राम पिपराई, जिला बेगूसड़क बिहार
- रेहान पुत्र रिशुद्दीन अंसारी, उम्र 18 साल, निवासी ईदगाह कॉलोनी, पीएस सदर सोनेपत हरियाणा
- एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।
टाइम्स नाउ को मिली जानकारी के अनुसार संदिग्धों को कोटा में रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया है। बता दें कि टाइगर श्रॉफ पर कल देर शाम हमला हुआ था। चश्मदीदों के अनुसार अभिनेता पर हमला करने के लिए तीन शूटर बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्हंने बताया कि एक शूटर बाइक पर ही रहा और दो शूटरों ने बाइक से उतरकर टाइगर की कार पर फायरिंग की।
इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर फरार हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद तीनों आरोपी अंधेरी स्टेशन पहुंचे थे। इसके बाद वह तीनों अलग-अलग दिशाओं में निकल गए, ताकि पुलिस के लिए उनकी गतिविधियों का पता लगाना मुश्किल हो जाए। लेकिन कोटा पुलिस ने जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया है, उनमें से दो इस हमले में शामिल बताए जा रहे हैं।
इधर टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर की शिकायत के बाद जुहू पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने ड्राइवर के साथ ही मौके पर मौजूद दो चश्मदीदों के बयान भी रिकॉर्ड किए। इन्हीं चश्मदीदों ने सीने में गोली लगने से घायल हुए उमेश चव्हाण को अस्पताल पहुंचाया था।
टाइगर श्रॉफ परर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली है। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट में टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया है कि टाइगर श्रॉफ को पहले फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं मानने के बाद उन पर हमला किया गया।
