क्रिकेट

Ashes 2025-26: पैट कमिंस नहीं तो कौन करेगा एशेज में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी? हो गया खुलासा

पैट कमिंस को चोट की वजह से आगामी एशेज सीरीज में नहीं खेल पाने की स्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान कौन संभालेगा इसका खुलासा सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट में हुआ है।

Image

पैट कमिंस (फोटो क्रेडिट ICC X)

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण 21 नवंबर से पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे पहले एशेज क्रिकेट टेस्ट मैच से बाहर हो सकते हैं। एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार इस चोट के कारण पांच टेस्ट मैच की घरेलू श्रृंखला में उनका खेलना सीमित हो सकता है और उनकी अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है।

स्टीव स्मिथ संभालेंगे एशेज में कमान

रिपोर्ट में कहा गया है कि बार-बार उभरने वाली कमिंस की पीठ की चोट बिगड़ गई है जिससे उन्हें श्रृंखला के पहले मैच से बाहर होने को बाध्य होना पड़ सकता है। रिपोर्ट में इस घटना को ‘ऑस्ट्रेलिया का सबसे बुरा सपना और इंग्लैंड का सपना’ करार दिया। रिपोर्ट में कहा गया है,'कमिंस का नेतृत्व टीम के लिए इतना मूल्यवान है कि पूरी तरह से फिट नहीं होने के बावजूद उनके पूरे समय टीम के साथ रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार,'तो बहुत कुछ स्टीव स्मिथ की झोली में आएगा जिनका कमिंस के ठीक होने तक फिर से कप्तान बनना लगभग तय है।' ऑस्ट्रेलिया 2011 से एशेज में अपने घरेलू मैदान पर अजेय रहा है।

ऐसा रहा है स्टीव स्मिथ का टेस्ट में कप्तानी रिकॉर्ड

स्टीव स्मिथ के पास टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी का अच्छा अनुभव है। उन्होंने 40 टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की है जिसमें से टीम को 23 में जीत मिली जबकि 10 में हार का सामना करना पड़ा जबकि 7 टेस्ट ड्रॉ समाप्त हुए। वर्तमान में स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के उपकप्तान हैं। कमिंस की गैरमौजूदगी में वो टीम की कप्तानी करते रहे हैं। ऐसे में एशेज जैसी बड़ी सीरीज में भी उन्हें कप्तानी करते देखना किसी के लिए भी हैरानी की बात नहीं होगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article