स्पोर्ट्स

मिस्र की फुटबॉल टीम का भव्य स्वागत, अर्जेंटीना से रोमांचक मुकाबले में मिली थी हार

फीफा वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ मिस्र की टीम को हार का सामना करना पड़ा था। 78 मिनट तक मैच में आगे रहने के बावजूद मिस्र को हार का सामना करना पड़ा था।

Image

मिस्र की फुटबॉल टीम (साभार-x )

फीफा विश्व कप के नॉकआउट चरण में अर्जेंटीना से 2-3 की रोमांचक हार के साथ अभियान समाप्त होने के बावजूद मिस्र की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का शुक्रवार को स्वदेश लौटने पर हजारों प्रशंसकों ने जोरदार स्वागत किया। अल-अलामीन हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में जुटे प्रशंसकों ने स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह की तस्वीरें लहराईं और टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मिस्र ने इससे पहले विश्व कप में पहली बार अंतिम-16 में जगह बनाई थी। टीम ने राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रेलिया को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया था।

टीम शनिवार को मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात करेगी। राष्ट्रपति ने मंगलवार को फेसबुक पर जारी संदेश में खिलाड़ियों के ’सम्मानजनक प्रदर्शन और मिस्र के फुटबॉल इतिहास में अभूतपूर्व उपलब्धि’ के लिए उन्हें बधाई दी थी। प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ उसने शानदार फुटबॉल खेली। 78 मिनट तक टीम 2-0 से आगे थी और उसके बाज अर्जेंटीना ने जबरदस्त वापसी की और 3-2 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इस मुकाबले को वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी वापसी के तौर पर देखा गया।

मिस्र फुटबॉल महासंघ (ईएफए) के साथ कोच होसाम हसन और कई खिलाड़ियों ने भी अर्जेंटीना के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मिली हार के बाद रेफरी के फैसलों की आलोचना की। अर्जेंटीना ने मुकाबले में 13 मिनट के भीतर लगातार तीन गोल दागकर विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी वापसी में से एक दर्ज की थी। फीफा के रेफरिंग प्रमुख पियरलुइगी कोलिना ने हालांकि इन पक्षपात के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मैच अधिकारियों के फैसलों पर बहस फुटबॉल का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन निराधार आरोपों के लिए खेल में कोई स्थान नहीं है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!