क्रिकेट

SL vs NZ 1st Test: श्रीलंका ने की न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत, कमिंदु मेंडिस ने जड़ा सैकड़ा

श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच सीरीज के गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन धमाकेदार शुरुआत की है। युवा बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस के शानदार शतक की बदौलत पहले दिन श्रीलंका ने 7 विकेट खोकर 302 रन बना लिए हैं।

Image

शतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते कमिंदु मेंडिस

Photo : AP

गॉल (श्रीलंका): मध्यक्रम बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस (114 रन) के शानदार शतक की बदौलत श्रीलंका मुश्किल हालात से उबरकर बुधवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरूआती दिन स्टंप तक सात विकेटपर 302 रन बनाने में कामयाब रही। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज विलियम ओरोरके ने 57 रन देकर तीन विकेट चटकाये लेकिन कमिंदु मेंडिस को कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने अपने सातवें टेस्ट में चौथा शतक जड़ दिया।

पाचंवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए मेंडिस ने जड़ा सैकड़ा

बायें हाथ के बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस को बल्लेबाजी के लिए ऊपरी क्रम में उतारा गया जिन्होंने महज 11 पारियों में 800 से ज्यादा रन बना लिये हैं और वह श्रीलंका के लिए सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाला खिलाड़ी बनने की ओर बढ़ रहे हैं, अभी यह रिकॉर्ड रॉय डायस के नाम है। इन चार शतकों के अलावा कमिंदुमेंडिस चार अर्धशतक भी लगा चुके हैं।

इस टेस्ट से पहले वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन अब उन्हें पांचवें नंबर पर उतारा गया। वह अकसर पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ खेलते और उनके आउट हो जाने के बाद उनका जोड़ीदार ही नहीं बचता। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के 175 रन पर पांच विकेट झटक लिये थे और उसके पास उनकी पारी जल्दी खत्म करने का मौका था।

कमिंदु और कुसल मेंडिस के बीच हुई शतकीय साझेदारी

कमिंदु मेंडिस ने कुसल मेंडिस (50 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 103 रन की भागीदारी निभाकर श्रीलंका को वापसी करने में मदद की। कमिंदु मेंडिस ने कामचलाऊ स्पिनर रचिन रविंद्र पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। कुसल मेंडिस के ग्लेन फिलिप्स (52 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर आउट होने के बाद यह भागीदारी खत्म हुई।

खराब रही श्रीलंका की शुरुआत

इससे पहले श्रीलंका से सुबह टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के बाद अपने सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका (27 रन) और दिमुथ करूणारत्ने (02) के विकेट जल्दी गंवा दिये। ओरोरके ने दोनों को आउट किया। फिर ओरोरके की गेंद से चोट लगने के बाद एंजेलो मैथ्यूज रिटायर हो गये। वह लंच के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने 36 रन बनाये।फिलिप्स ने फिर कप्तान धनजंय डि सिल्वा (11 रन) को बोल्ड किया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article