क्रिकेट

SL vs AUS 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया की कसी हुई गेंदबाजी, पहले दिन श्रीलंका ने 229 रन पर गंवाए 9 विकेट

ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान श्रीलंका को गॉल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन 229 रन के स्कोर पर 9 विकेट चटकाकर बैकफुट पर धकेल दिया है। जानिए कैसा रहा पहले दिन के खेल का हाल?

Image

भारत बनाम श्रीलंका

Photo : AP

गॉल (श्रीलंका): ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को गॉल में खेले जा रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट में अनुशासित गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका के खिलाफ नियंत्रण बनाते हुए पहले दिन स्टंप तक मेजबान टीम के पहली पारी में 229 रन तक नौ विकेट झटक लिए। दिनेश चांदीमल (74 रन) और कुसल मेंडिस (नाबाद 59 रन) के अर्धशतकों के दम पर श्रीलंकाई टीम इस स्कोर तक पहुंची। पर टॉस जीतकर पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने की उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हुईं।

ऑस्ट्रेलिया ने की शानदार गेंदबाजी और फील्डिंग

ऑस्ट्रेलिया ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए अपनी रणनीति के अनुसार खेलते हुए तेज गर्मी और उमस के बावजूद बेहतरीन क्षेत्ररक्षण किया। श्रीलंका ने सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन दिमुथ करुणारत्ने (36 रन) और चांदीमल के बीच दूसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी ने पारी को संभाल लिया। स्पिनर नाथन लॉयन ने करुणारत्ने को आउट कर यह भागीदारी तोड़ी। अनुशासित गेंदबाजी के आगे श्रीलंका का निचला मध्यक्रम संघर्ष करता रहा और टीम का स्कोर पांच विकेट पर 127 रन हो गया। हालांकि चांदीमल 74 रन (छह चौके, एक छक्का) की पारी के दौरान परेशानी में नहीं दिखे। पर मैथ्यू कुहनेमैन ने फॉर्म में चल रहे इस बल्लेबाज को आउट कर दिया।

करुणारत्ने को मिला गार्ड ऑफ ऑनर

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने जल्दी से जल्दी जीत हासिल करने की कोशिश की। कुसल मेंडिस हालांकि नाबाद 59 रन बनाकर डटे हैं, उन्होंने रमेश मेंडिस के साथ सातवें विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। मिशेल स्टार्क ने जल्द ही रमेश और प्रभात जयसूर्या को आउट कर दिया। स्टार्क और लियोन ने तीन तीन विकेट झटके। मैच से पहले करुणारत्ने को बल्लेबाजी के लिए उतरने पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। वह 100 टेस्ट मैच खेलने वाले श्रीलंका के सातवें खिलाड़ी बन गए। पूर्व कप्तान ने घोषणा की है कि वह इस टेस्ट के बाद संन्यास ले लेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article