शहर

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, सोसाइटी के STP टैंक में दम घुटने से दो की मौत; ठेकेदार गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से सफाईकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

टैंक में उतरती राहत और बचाव टीम

Photo : Times Now Digital

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोसाइटी में बने STP (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के असर से एक सफाई कर्मचारी और उसे बचाने उतरा सिक्योरिटी गार्ड अचेत हो गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

बचाने उतरा सिक्योरिटी गार्ड भी हुआ जहरीली गैस का शिकार

नॉलेज पार्क पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात एल्डिको सोसाइटी के STP टैंक की सफाई का काम चल रहा था। सफाई के दौरान राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले 40 वर्षीय कर्मचारी शशिकांत शर्मा टैंक के अंदर अचानक जहरीली गैस के संपर्क में आकर बेहोश हो गए। उन्हें अचेत देख पास में तैनात फिरोजाबाद निवासी 22 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड आकाश भी टैंक में उतर गया। हालांकि, टैंक के भीतर जहरीली गैस का प्रभाव इतना तेज था कि आकाश भी दम घुटने के कारण वहीं बेहोश हो गया।

डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, ठेकेदार गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत व बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में सुरक्षा उपकरणों के अभाव और लापरवाही की बात सामने आने पर पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article