कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने शुक्रवार को दुशमंथा चमीरा, पथुम निसंका और कामिंदु मेंडिस को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दी क्योंकि यह तीनों खिलाड़ी फिटनेस परीक्षण में सफल रहे थे। तेज गेंदबाज चमीरा और सलामी बल्लेबाज निसंका दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं, जबकि ऑलराउंडर कामिंदु मेंडिस को सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में बनाए रखा है।
चार खिलाड़ियों को करना होगा इंतजार
हालांकि नुवान तुषारा (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), वानिंदु हसरंगा (लखनऊ सुपर जाइंट्स), ईशान मलिंगा (सनराइजर्स हैदराबाद) और मथीशा पथिराना (कोलकाता नाइट राइडर्स) को अपनी एनओसी के लिए इंतजार करना होगा। इन सभी खिलाड़ियों को फिटनेस परीक्षण में सफल रहने के बाद ही एनओसी जारी की जाएगी।
हसरंगा, मलिंगा और पथिराना ने किया है आवेदन
श्रीलंका क्रिकेट ने विज्ञप्ति में कहा,'वानिंदु हसरंगा, ईशान मलिंगा और मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2026 में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने का आग्रह किया है लेकिन अभी तक उनका फिटनेस परीक्षण नहीं हुआ है। वह रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं और इसके बाद ही उनका फिटनेस परीक्षण किया जाएगा।'
विश्व कप के दौरान चोटिल हुए हसरंगा और पथिराना
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव के मद्देनजर शुरुआती 20 मैच के कार्यक्रम का ऐलान किया है। दूसरे चरण का कार्यक्रम फिलहाल जारी नहीं हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि दूसरे चरण के कार्यक्रम के ऐलान तक श्रीलंका के अन्य खिलाड़ियों को भी एनओसी मिल जाएगी। हसरंगा टी20 विश्व कप के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। वहीं टूर्नामेंट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीग दौर के मुकाबले में पथिराना चोटिल होने के बाद विश्व कप से बाहर हो गए थे। उसके बाद से वो मैदान पर नहीं लौटे हैं।
