क्रिकेट

SL vs HK Highlights: श्रीलंका ने हांगकांग को हराकर एशिया कप में दर्ज की लगातार दूसरी जीत

SL vs HK Highlights: श्रीलंका ने हांगकांग को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ ही श्रीलंका सुपर-फोर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। ग्रुप ए से टीम इंडिया सुपर-फोर के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है।

Image

श्रीलंका और हांगकांग (साभार-ACC X)

SL vs HK Highlights: एशिया कप के ग्रुप बी के मुकाबले में श्रीलंका ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। सोमवार को दुबई में खेले गए एशिया कप के 8वें मुकाबले में श्रीलंका ने हांगकांग को 4 विकेट से हरा दिया। श्रीलंका के सामने जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने पथुम निसांका की अर्धशतकीय पारी के दम पर 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। श्रीलंका ने यह लक्ष्य 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। पथुम निसांका ने 44 गेंद में 68 रन की पारी खेली। यह एशिया कप 2025 में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था। एक वक्त मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। 17. 1 ओवर में श्रीलंका ने 127 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे। उसे जीत के लिए 17 गेंद में 23 रन की दरकार थी, लेकिन वानिंदु हसरंगा ने 9 गेद में 20 रन बनाकर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हांगकांग ने 4 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। हांगकांग की ओर से निजाकत खान ने सर्वाधिक 52 रन की पारी खेली। निजाकत के अलावा अंशुमान रथ ने 48 रन की पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। इसके साथ ही निजाकत टी20 एशिया कप में अर्धशतक बनाने वाले हांगकांग के दूसरे बल्लेबाज बन गए। यह जोड़ी श्रीलंका के अनुभवी गेंदबाजों के दबाव में नहीं आई और उन्होंने मैदान के चारों ओर कुछ सटीक शॉट खेले।

रथ ने मैदान के दोनों ओर शॉट लगाए और स्पिनर चरिथ असालंका की गेंद पर उनका इनसाइड आउट कवर ड्राइव देखने लायक था। दूसरी ओर निजाकत ने विकेट के सामने ‘वी’ को प्राथमिकता दी और लेग स्पिनर वानिंदु हसारंगा पर दो चौके और लांग ऑन पर एक छक्का जमाया। उन्हें किस्मत का भी साथ मिला क्योंकि 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर विकेटकीपर कुसल मेंडिस ने उनका कैच टपका दिया तब वह 33 रन पर थे।

इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर क्षेत्ररक्षक ने एक बेहतरीन कैच लपका लेकिन इस बार तुषारा ने नोबॉल करके हांगकांग के बल्लेबाज को जीवनदान दिया। हालांकि रथ जल्द ही तेज गेंदबाज दुष्मंता चमीरा (29 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर डीप में कामिंदु मेंडिस को एक आसान कैच दे बैठे।

लेकिन अपेक्षाकृत नीरस अंत के बावजूद हांगकांग ने पहले चार ओवरों में जीशान अली (23 रन, 17 गेंद) की तेज बल्लेबाजी की बदौलत 38 रन बनाकर लय हासिल कर ली। लेकिन चमीरा ने उन्हें कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराकर रन गति रोकी और हसारंगा ने जल्द ही बाबर हयात को आउट कर दिया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article