क्रिकेट

T20 World Cup 2024: श्रीलंका ने किया विश्व कप के लिए टीम का ऐलान, युवाओं के साथ अनुभवी खिलाड़ियों को मिली जगह

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने 2 जून से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप 2024 के लिए वनिंदु हसरंगा की कप्तानी में अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।

Image

श्रीलंका क्रिकेट टीम(साभार ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • श्रीलंका ने किया टी20 विश्व कप के लिए टीम का ऐलान
  • वनिंदु हसरंगा होंगे टीम के कप्तान
  • एंजेलो मैथ्यूज को मिली टीम में जगह

कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने 2 जून से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप 2024 के लिए वनिंदु हसरंगा की कप्तानी में अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। टीम में पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज और दसुन शनाका को भी जगह मिली है। वनडे टीम के कप्तान कुसल मेंडिस भी टीम हैं। ऐसे में हसरंगा को कई कप्तानों के अनुभव का फायदा मिलेगा।

चरिथ असलंका होंगे टीम के उपकप्तान

पिछले साल दिसंबर में श्रीलंका की टी20 टीम के कप्तान बनाए गए वनिंदु हसरंगा विंडीज और अमेरिका की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 विश्व कप में टीम की कमान संभालेंगे। वहीं चरिथ असलंका को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। श्रीलंका ने अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज को भी वरीयता देते हुए विश्व कप के लिए टीम में जगह दी है। मैथ्यूज की इसी साल टी20 टीम में तीन साल लंबे अंतराल के बाद वापसी हुई है। ये मैथ्यूज के करियर का छठा टी20 विश्व कप होगा। वो साल 2014 में टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के सदस्य रहे थे।

एक बार की टी20 वर्ल्ड चैंपियन श्रीलंका टी20 विश्व कप 2024 में अपनी टीम के साथ 4 खिलाड़ियों असिथा फर्नांडो, विजयकांत वियासकंथ, भानुका राजपक्षे और जेनिथ लियानगे को रिजर्व प्लेयर के रूप में जगह दी है।

श्रीलंका क्रिकेट टीम(Sri Lanka Squad for T20 World Cup):

वानिंदु हसरंगा (कप्तान), चरिथ असलंका (उप-कप्तान), कुसल मेंडिस, पथुम निसंका, कमिंदु मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, एंजेलो मैथ्यूज, दसुन शनाका, धनंजय डिसिल्वा, महीश तीक्ष्णा, दुनिथ वेललागे, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना, और दिलशान मधुशंका।

ट्रैवलिंग रिजर्व्स: असिथा फर्नांडो, विजयकांत वियासकंथ, भानुका राजपक्षे और जेनिथ लियानगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article