SA vs NAM 3rd ODI: साउथ अफ्रीका की दूसरी टीम ने नामीबिया को तीसरे वनडे में 9 विकेट से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। रविवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में स्पिनर ब्योर्न फोर्टुइन के 4 विकेट और जॉर्डन हरमन व कॉनर एस्टरहुइजन की तूफानी हाफ सेंचुरी ने साउथ अफ्रीका की आसान जीत तय कर दी।
नामीबिया को हराकर 3-0 से जीती सीरीज
नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया, लेकिन यह फैसला गलत साबित हुआ। क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने शुरू में ही दो झटके देकर नामीबिया को 19/2 पर ला दिया। इसके बाद अलेक्जेंडर वोल्शेंक (31) और लौरें स्टीनकैंप (23) ने 53 रन की पार्टनरशिप कर पारी को संभालने की कोशिश की। 21वें ओवर में मैच पलट गया। ब्योर्न फोर्टुइन ने स्टीनकैंप को आउट किया और उसी ओवर में वोल्शेंक रन आउट हो गए। अगले ही ओवर में फोर्टुइन ने कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (3) को भी पवेलियन भेज दिया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने मिडिल ऑर्डर को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया और 10 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन (4) और वाल्डो स्मिथ (2) को भी आउट किया।
नामीबिया की पूरी टीम 36.2 ओवर में आउट
नामीबिया की तरफ से सिर्फ जेन ग्रीन ने 42 बॉल पर 33 रन बनाकर थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 36.2 ओवर में सिर्फ 156 रन पर ऑल आउट हो गई। मफाका ने 2/18 और बॉश ने 1/24 विकेट लिए। 157 रन का छोटा लक्ष्य साउथ अफ्रीका के लिए बेहद आसान था। ओपनर जॉर्डन हरमन और कॉनर एस्टरहुइजन ने शुरू से ही आक्रामक बैटिंग की और 21 ओवर में ही 150 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप कर दी। हरमन ने 59 बॉल पर 13 चौकों के साथ 77 रन ठोके। जीत से 7 रन पहले वे आउट हुए।
साउथ अफ्रीका ने 21.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
एस्टरहुइजन 68 रन पर नाबाद रहे। उन्होंने 68 बॉल पर 4 चौके और 3 छक्के लगाए। अंत में डेवाल्ड ब्रेविस ने आते ही दूसरी बॉल पर छक्का मारकर मैच खत्म कर दिया। साउथ अफ्रीका ने 21.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 29.3 ओवर बाकी रहते जीत दर्ज की। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने पहला वनडे DLS से 99 रन और दूसरा वनडे 157 रन से जीता था। इस क्लीन स्वीप से साउथ अफ्रीका के युवा खिलाड़ियों ने सेलेक्टर्स को प्रभावित किया है।
