क्रिकेट

SA W vs IND W 2nd T20I: भारतीय महिला टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली दूसरे टी20 में भी हार, सीरीज में 0-2 से पिछड़ी टीम इंडिया

दक्षिण अफ्रीका ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम की पांच मैच की टी20 सीरीज के डरबन में खेले गए दूसरे मुकाबले में 8 विकेट से पटखनी देकर सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। कैसा रहा दूसरे टी20 मुकाबले के पल पल का हाल?

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI Women)

डरबन: क्लो ट्रायोन (22 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल के बाद कप्तान लौरा वॉल्वर्ट (54) और सुने लुस (57) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी के बूते दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की श्रृंखला के दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत को 17 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की आक्रामक 57 रन की पारी खेलने के बावजूद भारतीय टीम 147 रन पर आउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर श्रृंखला में 2-0 की बढ़त कायम कर ली।

वॉल्वर्ट ने 34 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का, जबकि लुस ने 46 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों ने महज 73 गेंदों में 106 रन की साझेदारी कर टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की। भारतीय क्षेत्ररक्षण काफी खराब रहा और टीम ने कई आसान कैच टपकाए, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बन पाया। भारत के लिए दोनों विकेट श्रेयंका पाटिल ने लिए।

टी20 में अपना 15वां अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली ने पदार्पण कर रही अनुष्का शर्मा (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की अच्छी साझेदारी की। अनुष्का हालांकि इस दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखीं। शेफाली ने 38 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। भारतीय टीम 12 ओवर के बाद दो विकेट पर 97 रन के साथ अच्छी स्थिति में थी, लेकिन टीम ने इसके बाद आठ ओवर में 50 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए।

प्लेयर ऑफ द मैच ट्रायोन को तुमी सेखुखुने (31 रन देकर तीन विकेट) का अच्छा साथ मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए वोल्वार्ट ने क्रांति गौड़ के खिलाफ चौके से हाथ खोले और श्रेयंका की गेंद को बाउंड्री पार भेजकर आत्मविश्वास दिखाया। दूसरे छोर से लुस ने श्रेयंका की गेंद पर कदमों का इस्तेमाल करते हुए छक्का जड़ा। उन्होंने श्री चरणी के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़कर पांचवें ओवर में ही दक्षिण अफ्रीका के रनों का अर्धशतक पूरा कर दिया।

लुस ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए दीप्ति शर्मा के खिलाफ भी दो चौके जड़े और पावरप्ले में ही टीम के स्कोर को बिना किसी नुकसान के 66 रन तक पहुंचाकर दक्षिण अफ्रीका के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद रनगति पर लगाम लगाने की कोशिश की, लेकिन वोल्वार्ट ने श्री चरणी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ने के बाद 11वें ओवर में अरुंधति रेड्डी की गेंद पर चौके के साथ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में श्रेयंका की गेंद पर बाउंड्री के पास अरुंधति द्वारा लपकी गईं। लुस ने इसके बाद 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

श्री चरणी की गेंद पर स्मृति मंधाना ने ताजमिन ब्रिट्स का आसान कैच टपकाया, लेकिन श्रेयंका ने 16वें ओवर में लुस को आउट किया।

ब्रिट्स ने इसी ओवर में चौका लगाया, जिसके बाद अरुंधति ने उनका एक और कैच टपकाकर उन्हें दूसरा जीवनदान दिया। उन्होंने 17 गेंदों में 20 रन की नाबाद पारी खेली और एनेरी डर्कसेन (नाबाद 12) के साथ टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर शेफाली ने शुरुआती ओवर में सेखुखुने के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल करते हुए लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़ा, वहीं मंधाना ने पिछले मैच की स्टार आयोबोंगा खाका के खिलाफ दूसरे ओवर में तीन चौके जड़कर हाथ खोले। मंधाना हालांकि अगले ओवर में ट्रायोन की गेंद पर स्वीप शॉट खेलते हुए स्क्वायर लेग बाउंड्री पर कैच दे बैठीं। शेफाली पर इस विकेट का कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने सेखुखुने के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा।

शानदार लय में चल रहीं जेमिमा रोड्रिग्स (दो) ट्रायोन का दूसरा शिकार बनीं, लेकिन अनुष्का ने अपनी पहली ही गेंद पर चौका जड़ा, जिससे पावरप्ले में भारत का स्कोर दो विकेट पर 58 रन हो गया। मलाबा ने 10वें ओवर में अपनी ही गेंद पर अनुष्का का आसान कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया, जबकि शेफाली ने अगली गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अनुष्का ने 12वें ओवर में एनेरी डर्कसेन के खिलाफ दो चौके लगाए, लेकिन वह तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, वहीं शेफाली को ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिल पा रही थी। रनगति तेज करने की कोशिश में अनुष्का ट्रायोन की गेंद को ताजमिन ब्रिट्स के हाथों में खेल गईं।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) ने क्रीज पर आते ही चौका जड़ा, लेकिन मलाबा की गेंद पर डि क्लार्क ने शानदार कैच लपककर शेफाली की पारी का अंत किया। दीप्ति शर्मा (एक) और ऋचा घोष (तीन) के सस्ते में पवेलियन लौटने से भारत की रनगति कम होती चली गई। हरमनप्रीत विकेटकीपर सिनेलो जाफ्ता के शानदार प्रयास से रन आउट हो गईं। अरुंधति (14) और श्री चरणी (नाबाद सात) ने आखिरी ओवर में क्रमश: छक्का और चौका लगाकर टीम के स्कोर को 147 तक पहुंचाया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article