क्रिकेट

INDW vs SAW 1st T20I: पहले टी20 में हरमनप्रीत की सेना को मिली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार, जानिए कैसा रहा पल पल का हाल

भारतीय महिला टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरबन में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में 6 विकेट के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

डरबन: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका दौरे की शुरुआत हार के साथ की है। डरबन में शुक्रवार को खेले गए 5 मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 6 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया कप्तान हरमनप्रीत कौर की 47(33) रन की नाबाद और जेमिमा रोड्रिग्ज 36(29) और शेफाली वर्मा 34(20) 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 158 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने कप्तान लॉरा वुलवार्ट की 39 गेंद में 51 और एनरी ड्रेक्सेन की 34 गेंद में 44 रन की नाबाद पारियों की बदौलत 6 विकेट रहते हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की शुरुआती बढ़त बनाने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका की जीत के बाद 16 रन देकर 3 विकेट चटकाने वाली अयाबोंगा खाका को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पॉवरप्ले में लगे भारत को दोहरे झटके

मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम तेज शुरुआत के बावजूद लय बरकरार नहीं रख पाई और 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर शेफाली वर्मा (20 गेंदों में 34 रन) ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने पारी में पांच चौके और एक शानदार छक्का लगाया। पारी की शुरुआत करने आईं स्मृति मंधाना ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और 14 गेंदों में 13 रन बनाकर कवर क्षेत्र में कैच आउट हो गईं। पावरप्ले में ही भारत को दो झटके लगे।

भारत ने बनाए 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (33 गेंदों में नाबाद 47) और जेमिमा रोड्रिग्स (29 गेंदों में 36) ने तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। लेकिन पावरप्ले के बाद भारत की रन गति धीमी पड़ गई और टीम 10 ओवर में दो विकेट पर 75 रन तक ही पहुंच सकी। हरमनप्रीत ने बीच के ओवरों में नादिन डी क्लर्क के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर आक्रामकता दिखाई, जबकि जेमिमा ने क्लो ट्रायोन के खिलाफ शानदार छक्का जड़ा। भारतीय पारी हालांकि अंतिम ओवरों में गति नहीं पकड़ सकी और आखिरी पांच ओवरों में केवल 33 रन बने, जबकि इस दौरान तीन विकेट भी गिर गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका (16 रन पर तीन विकेट) और तुमी सेखुखुने (27 रन पर दो विकेट) ने प्रभावशाली गेंदबाजी की, जबकि नॉनकुलुलेको म्लाबा (30 रन पर एक विकेट) ने स्पिन आक्रमण की अगुवाई की। भारत ने इस मैच में काशवी गौतम को टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण का मौका दिया। उन्होंने आठ गेंदों पर 10 रन का योगदान दिया।

दूसरे ओवर में ही श्रेयंका ने दिलाई सफलता

जीत के लिए 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को कप्तान लॉरा वुलवार्ट और सुन लुस ने पारी की शुरुआत की। भारत को पहली सफलता दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर लुस के रूप में लगी। लुस 13(7) बनाकर श्रेयांका पाटिल की गेंद पर बोल्ड हो गईं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं तेंजमिन ब्रिट्ज ने कप्तान वुलवार्ट का साथ दिया और टीम को 63 रन तक ले गए। ऐसे में ब्रिट्ज श्रीचरिणी की गेंद पर गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गईं। उन्होंने 10(13) रन बनाए।

वुलवार्ट ने खेली 39 गेंद में 51 रन की कप्तानी पारी

इसके बाद कप्तान वुलवॉर्ट ने एनेरी ड्रैक्सेन के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों टीम को 100 रन के पार और किसी नुकसान के पहुंचाने में सफल रहीं। द. अफ्रीका ने 11.2 ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार किया। इसके बाद कप्तान वुलव़ॉर्ट ने अपना 16वां अर्धशतक 36 गेंद में 8 चौके की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने 33 गेंद में तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली। ऐसे में वुलवार्ट 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर पाटिल का शिकार बनीं। वो 51(39) रन बना सकीं।

डेरेकसेन और ट्रॉयोन ने दिलाई जीत

वुलवार्ट के आउट होने के बाद ड्रेक्सेन ने मोर्चा संभाले रखा लेकिन उनका साथ देने आईं एनिके बॉश अरुंधति रेड्डी की गेंद पर एलबीडब्लू हो गईं। उन्होंने 8 रन बना। इसके बाद अंत में ड्रेक्सेन और क्लो ट्रायोन ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से जीत दिला दी। डेरेकसेन 44(24) और ट्रॉयोन 18(16) रन बनाकर नाबाद रहीं। सीरीज का दूसरी मुकबला इसी मैदान पर रविवार 19 अप्रैल को खेला जाएगा।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article